
भुवनेश्वर। भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने ओडिशा में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग ने गुरुवार के लिए राज्य के छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट और कुल 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया है। यह चेतावनी 28 जून तक प्रभावी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में कोरापुट, मलकानगिरी, नबरंगपुर, रायगढ़ा, नुआपड़ा और कालाहांडी शामिल हैं। इन जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के ओडिशा में सक्रिय होने के बाद कई क्षेत्रों में मौसम अस्थिर बना हुआ है और लगातार बारिश दर्ज की जा रही है।तटीय और आसपास के क्षेत्रों को देखते हुए 14 अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे कुल 24 जिलों में सतर्कता की स्थिति बनी हुई है। वहीं नुआपड़ा, बोलंगीर और कालाहांडी जिलों में 28 जून तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।







