
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने को लेकर बनी समझ का स्वागत किया है।
इसे लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “मैं अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के लिए बनी समझ का स्वागत करता हूं। इस संघर्ष के कारण दुनिया भर में गंभीर आर्थिक व्यवधान पैदा हुआ और कई देशों में लोगों की जान गई है।”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि नई समझ के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल होने की उम्मीद है। साथ ही इससे समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवाजाही और वैश्विक व्यापार को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच बचे हुए मुद्दों पर सकारात्मक बातचीत जारी रहने और अंततः स्थायी एवं व्यापक समझौते तक पहुंचने की भी उम्मीद जताई।
रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस समझौते की घोषणा करते हुए लिखा था, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ डील अब पूरी हो गई है। सभी को बधाई!” ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने और तेल के सामान्य प्रवाह बहाल करने की बात भी कही।
ईरान ने भी समझौते पर बयान जारी किया है। इस समझौते को महीनों के तनाव और संघर्ष के बाद बड़ी कूटनीतिक सफलता माना जा रहा है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार और क्षेत्रीय सुरक्षा पर पड़ रहे दबाव में काफी कमी आने की उम्मीद है।
इस ऐलान के बाद दुनिया भर के नेताओं ने राहत व्यक्त की है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भी होर्मुज स्ट्रेट में नेविगेशन की आजादी बहाल किए जाने का स्वागत किया।
यह समझौता न सिर्फ क्षेत्रीय शांति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से भी राहत भरा कदम है।




