
पटना. पटना में खान सर की कोचिंग पर हमले के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जिस घटना को लेकर पहले फायरिंग का दावा किया गया था, अब खुद खान सर ने उस पर सफाई दे दी है। उन्होंने कहा कि उस वक्त माहौल इतना तनावपूर्ण था कि जो गार्ड ने बताया, उन्होंने वही बात कह दी।
दरअसल, मंगलवार देर रात खान सर की कोचिंग ‘ग्लोबल स्टडीज’ में कुछ लोगों ने घुसकर हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट की। शुरुआत में दावा हुआ कि 8 से 10 राउंड फायरिंग हुई है और गार्ड घायल हो गया है। लेकिन पटना पुलिस ने शुरू से ही फायरिंग की बात को खारिज किया था।
अब खान सर ने भी साफ कर दिया है कि उन्हें उस समय पूरी स्थिति समझ नहीं आई थी। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी और जांच में अब तक फायरिंग का कोई सबूत नहीं मिला है। FIR में भी गोलीबारी का जिक्र नहीं है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने कोचिंग के बाहर धरना देकर खान सर की सुरक्षा की मांग की और नारेबाजी की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।



