
रायपुर डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर टैरिफ बम फोड़ने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका ने भारत, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया समेत कई बड़े व्यापारिक साझेदार देशों पर नया टैरिफ लगाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार भारत और चीन से आने वाले सामानों पर 12.5% तक अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है। वहीं कनाडा, ब्रिटेन, यूरोपीय यूनियन और मैक्सिको जैसे देशों के लिए 10% टैरिफ का प्रस्ताव है।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह प्रस्ताव ऐसे समय सामने आया है, जब भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर नई दिल्ली में अहम बातचीत चल रही है। एक तरफ समझौते की चर्चा है, दूसरी तरफ टैरिफ बढ़ाने की तैयारी ने नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी व्यापार मंत्रालय ने भारत को उन देशों की सूची में रखा है, जहां जबरन श्रम से जुड़े उत्पादों के आयात पर पर्याप्त प्रतिबंध नहीं हैं। इसी आधार पर भारत समेत 54 अर्थव्यवस्थाओं पर ज्यादा टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा गया है।
अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो भारतीय निर्यातकों पर असर पड़ सकता है। खासकर कपड़ा और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को झटका लगने की आशंका जताई जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि ट्रंप प्रशासन इस प्रस्ताव को कब और किस रूप में लागू करता है।




