
नई दिल्ली : कर्नाटक कांग्रेस में बड़े राजनीतिक बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पद छोड़ने के बाद पार्टी नेतृत्व राज्य में नई और युवा टीम तैयार करने की रणनीति पर काम कर रहा है। कांग्रेस नेतृत्व कथित तौर पर 64 वर्षीय डी.के. शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, अगर डी.के. शिवकुमार मुख्यमंत्री बनते हैं तो मौजूदा कैबिनेट के कई वरिष्ठ मंत्रियों को नई सरकार में जगह नहीं मिल सकती। संभावित फेरबदल में समाज कल्याण मंत्री एच.सी. महादेवप्पा, ऊर्जा मंत्री केजे जॉर्ज और गृह मंत्री जी. परमेश्वर जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में हैं।

इसके अलावा बैरथी सुरेश, संतोष लाड, दिनेश गुंडू राव और बीजेड जमीर अहमद खान जैसे नेताओं की भूमिका पर भी पार्टी की नजर बनी हुई है। ये नेता सिद्धारमैया के करीबी माने जाते हैं। बताया जा रहा है कि यह पूरी कवायद राहुल गांधी की उस रणनीति का हिस्सा हो सकती है, जिसमें संगठन और सरकार में युवाओं को ज्यादा अवसर देने पर जोर दिया जा रहा है। कांग्रेस इसी दिशा में केरल के यूडीएफ मॉडल जैसी नई राजनीतिक संरचना अपनाने पर विचार कर रही है।







