
बेंगलुरु के मुख्यमंत्री आवास कावेरी से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। यह फैसला अचानक नहीं हुआ। गुरुवार सुबह सीएम आवास पर कैबिनेट मंत्रियों को नाश्ते पर बुलाया गया था। इसी दौरान यह बड़ा उलटफेर देखने को मिला। मुख्यमंत्री कार्यालय से आई तस्वीरों ने पूरी कहानी साफ कर दी।
नाश्ते की टेबल पर क्या हुआ?
सुबह-सुबह बेंगलुरु में सियासी हलचल तेज थी। सभी मंत्री नाश्ते की टेबल पर जुटे थे। तभी सिद्धारमैया ने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को गले लगा लिया। इसके तुरंत बाद शिवकुमार ने झुककर सिद्धारमैया के पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। यह पल बेहद भावुक करने वाला था। इसी मुलाकात के बीच सिद्धारमैया ने मंत्रियों के सामने साफ कर दिया कि वे मुख्यमंत्री पद छोड़ रहे हैं। अब कर्नाटक का नया कैप्टन कौन होगा, इस पर मुहर लग चुकी है।
दिल्ली जाने की तैयारी
सूत्रों की मानें तो कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धारमैया के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। राहुल गांधी ने उन्हें राज्यसभा सीट और पार्टी में बड़ी राष्ट्रीय भूमिका का ऑफर दिया है। राज्यसभा के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 8 जून है। दिल्ली के बड़े नेता लगातार बेंगलुरु के संपर्क में थे। अब माना जा रहा है कि सिद्धारमैया जल्द ही दिल्ली का रुख करेंगे ताकि राज्य की कमान पूरी तरह से डीके शिवकुमार को सौंपी जा सके।
राजभवन का क्या है हाल?
इस्तीफे के ऐलान के बाद सबकी नजरें राजभवन पर टिक गई हैं। बेंगलुरु के लोक भवन अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत अभी शहर में नहीं हैं। वे मध्य प्रदेश के अपने गृह नगर इंदौर गए हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने अभी तक राज्यपाल से मिलने का समय नहीं मांगा है। राज्यपाल के लौटते ही इस्तीफे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उधर, डीके शिवकुमार के समर्थकों में जश्न का माहौल है।




