
भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा केस में एक बेहद भावुक पल सामने आया, जब दूसरे पोस्टमार्टम के बाद ट्विशा को अंतिम विदाई के लिए रवाना किया गया. परिवार ने भारी मन से भदभदा विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार के रीति-रिवाज निभाई. ट्विशा के भाई मेजर हर्षित ने चिता को मुखाग्नि दी. इस दौरान माहौल गमगीन था और हर आंख नम नजर आई, क्योंकि एक परिवार अपनी बेटी ही नहीं, बल्कि अपने जीवन के सबसे अनमोल हिस्से को हमेशा के लिए अलविदा कह रहा था.

ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर हुआ. दूसरे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन सीधे घाट पहुंचे. पूरे समय परिवार और करीबी लोग गहरे सदमे में दिखाई दिए.अंतिम संस्कार से पहले ट्विशा के परिवार ने एक मार्मिक पत्र लिखकर लोगों और संगठनों से शामिल होने की अपील की थी. इस अपील में पिता का दर्द साफ झलक रहा था. उन्होंने लिखा कि जिस बेटी को उन्होंने गोद में खिलाया, कंधों पर बिठाया और दुल्हन बनाकर विदा किया, आज उसी की अर्थी को कंधा देना पड़ रहा है. परिवार ने कहा कि वे सिर्फ ट्विशा को नहीं, अपने जीवन के अमूल्य हिस्से को विदा कर रहे हैं.



