
नई दिल्ली : पीएम मोदी ने आज शनिवार को आयोजित रोजगार मेले के दौरान केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 51 हजार से ज्यादा युवाओं को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने युवाओं को देश के विकास की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि अब वे राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि चयनित युवा रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में यही युवा विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

पीएम मोदी ने भारत की बढ़ती वैश्विक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में भारत की भागीदारी लगातार मजबूत हो रही है। इससे देश के स्टार्टअप, शोधकर्ताओं और युवा प्रोफेशनल्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं को अब आधुनिक तकनीक, वैश्विक बाजार और नई विशेषज्ञताओं तक पहुंच मिल रही है।प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया उन्हीं देशों को महत्व देती है जो बड़े स्तर पर नवाचार, निर्माण और बेहतर परिणाम देने की क्षमता रखते हैं। भारत तेजी से इन क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है और इस परिवर्तन के केंद्र में देश के युवा हैं। उन्होंने कहा कि विदेश दौरों के दौरान भी भारत की युवा शक्ति की चर्चा प्रमुखता से होती है।





