
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से एक युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ। यह ट्रेन बिहार के छपरा से लखनऊ पहुंची थी। ट्रेन रुकने के बाद सफाई के दौरान S1 कोच में रखे एक बॉक्स और बैग पर सफाईकर्मी की नजर पड़ी। सामान संदिग्ध लगने पर उसने तुरंत रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। जब बॉक्स खोला गया तो उसमें करीब 30 से 35 साल की महिला का धड़ मिला। वहीं पास में रखे बैग की तलाशी लेने पर पॉलिथीन में पैक कटे हुए हाथ-पैर बरामद हुए। शव की हालत देखकर स्टेशन पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।जीआरपी के मुताबिक महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान के लिए अलग-अलग माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के साथ-साथ CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।





