
तमिलनाडु में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पूर्व मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एम.के. स्टालिन से मुलाकात की। बैठक की तस्वीरों में विजय काले सूट में हाथ जोड़कर स्टालिन का अभिवादन करते नजर आए, जबकि स्टालिन ने उन्हें शॉल पहनाकर स्वागत किया। हालांकि दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

विजय ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उनकी पार्टी टीवीके ने पहली बार चुनाव लड़ते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज कर तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया। सरकार गठन के दौरान कई दिनों तक राजनीतिक हलचल बनी रही और बहुमत को लेकर अलग-अलग समीकरणों की चर्चा होती रही।मुलाकात से पहले स्टालिन ने विजय को जीत की बधाई देते हुए कहा कि नई सरकार को पिछली सरकार पर आरोप लगाने के बजाय जनता से किए गए वादों को पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर भी DMK सरकार का बचाव किया और कहा कि तमिलनाडु का कर्ज निर्धारित सीमा के भीतर है।







