
कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अब भाजपा राज्य को अपना पहला मुख्यमंत्री देने जा रही है। शुक्रवार को कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में दोपहर बाद भाजपा विधायक दल की अहम बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री और पार्टी के पर्यवेक्षक अमित शाह की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

अमित शाह शुक्रवार सुबह कोलकाता पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां काली का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह पार्टी नेताओं के साथ अहम रणनीतिक बैठकों में शामिल होने के लिए रवाना हुए। खास बात यह रही कि अमित शाह और वरिष्ठ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी एक ही वाहन में बैठक स्थल तक पहुंचे, जिससे राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद शनिवार 9 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। भाजपा इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी में जुटी हुई है। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा, जो कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे सुवेंदु अधिकारी का नाम माना जा रहा है। उन्होंने पहले नंदीग्राम और इस बार भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया था। ऐसे में बंगाल BJP की कमान उन्हें मिलने की चर्चा जोरों पर है।




