
स्पोर्ट्स डेस्क : कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में लखनऊ सुपर जाइंट्स को सुपर ओवर में हरा दिया। इस जीत के मुख्य नायक रिंकू सिंह रहे, जिन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए तूफानी अर्धशतक जड़ा और फिर सुपर ओवर में टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचाया।
रिंकू सिंह की आतिशी पारी और मोहसिन का ‘पंजा’
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पावर प्ले के भीतर ही अपने मुख्य बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। लखनऊ के गेंदबाज मोहसिन खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 23 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जो उनके आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। एक समय नाइट राइडर्स का स्कोर 6 विकेट पर 73 रन था, लेकिन रिंकू सिंह ने एक बार फिर संकटमोचक की भूमिका निभाई। उन्होंने 51 गेंदों में नाबाद 83 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 7 चौके शामिल थे। रिंकू ने कैमरन ग्रीन (34) के साथ 42 रन और सुनील नारायण के साथ आठवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 62 रनों की अटूट साझेदारी कर टीम को 155/7 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुँचाया।
सांसें रोक देने वाला मुकाबला और सुपर ओवर
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जाइंट्स की शुरुआत भी खराब रही, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत (42) और एडेन मारक्रम (31) की उम्दा पारियों ने टीम को मैच में बनाए रखा। अंतिम ओवर में जीत के लिए 16 रनों की दरकार थी, जिसे मोहम्मद शमी के आखिरी गेंद पर लगाए छक्के ने मैच को टाई करा दिया और मामला सुपर ओवर में खिंच गया। नाइट राइडर्स की ओर से वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए।
सुपर ओवर का रोमांच
सुपर ओवर में नाइट राइडर्स के अनुभवी स्पिनर सुनील नारायण ने पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन को बोल्ड कर दिया। अगली गेंद पर ऋषभ पंत ने एक रन बनाया, लेकिन तीसरी गेंद पर एडेन मारक्रम को रिंकू सिंह ने कैच आउट कर लखनऊ की पारी समाप्त कर दी। जीत के लिए मिले 2 रनों के लक्ष्य को रिंकू सिंह ने प्रिंस यादव की पहली ही गेंद पर शानदार चौका जड़कर अपनी टीम की झोली में डाल दिया।
अंक तालिका में फेरबदल इस रोमांचक जीत के साथ नाइट राइडर्स की टीम पांच अंकों के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, इस हार के बाद लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम चार अंकों के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर खिसक गई है।
प्लेइंग XI
लखनऊ सुपर जायंट्स : एडेन मार्कराम, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, जॉर्ज लिंडे, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश सिंह राठी, मोहसिन खान
कोलकाता नाइट राइडर्स : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी






