
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण का मतदान खत्म हो चुका है। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम पांच बजे तक 89 फीसदी मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा मतदान रघुनाथगंज विधानसभा सीट पर हुआ है। यहां करीब 95 फीसदी मतदाताओं ने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया।। पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे प्रारंभ हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। जिन सीटों पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है, उनमें नंदीग्राम, खड़गपुर, पुरुलिया, बांकुरा और झारग्राम सीटों शामिल हैं। राज्य में दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा, जिसमें 142 सीटों पर मतदान होगा।

भाजपा vs TMC का कड़ा मुकाबला
राज्य में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। तृणमूल कांग्रेस के चुनाव प्रचार का दारोमदार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कंधों पर है। भाजपा के लिए प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने धुआंधार प्रचार किया है। कांग्रेस और वामपंथी दलों के नेताओं ने भी अपने उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव सभाओं को संबोधित किया।

ट्रिब्यूनल से मंजूर मतदाताओं की सूची जारी
बंगाल में पहले चरण के मतदान से पहले चुनाव आयोग ने उन मतदाताओं की सूची जारी कर दी है, जिन्हें जांच के बाद ट्रिब्यूनल ने मतदान की मंजूरी दे दी है। 139 लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं, जो गुरुवार को वोट डाल सकेंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि ट्रिब्यूनल ने राज्य में मतदाता सूचियों के गहन विशेष पुनरीक्षण (SIR) पर विवादों से संबंधित 657 मामलों का निपटारा किया है।




