
श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज बुधवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। धाम के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी पत्नी गीता धामी के साथ श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के समारोह में शामिल हुए और पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “केदारनाथ धाम और चार धाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है। इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं। इस वर्ष चार धाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर, उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें।”
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार प्रकट करते हुए सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “आदरणीय प्रधानमंत्री जी, देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा पर श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के इस शुभ अवसर पर आपके श्रद्धाभाव से भरे संदेश के लिए हार्दिक आभार। चारधाम यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय एकता को भी सशक्त बनाती है। आपके मार्गदर्शन और प्रेरणा से हम सभी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम सभी प्रदेशवासी और विश्व भर से आने वाले श्रद्धालु आपके द्वारा दिए गए संकल्पों को आत्मसात कर चारधाम यात्रा-2026 को दिव्य व भव्य बनाएंगे।”
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से बाबा केदार की प्रथम पूजा-अर्चना की तथा विधि-विधान से अभिषेक कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की।
एक अन्य एक्स पोस्ट में मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “आज पूर्ण विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। इस पावन अवसर पर आप सभी का देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन। बाबा केदार की कृपा से सभी यात्रियों की यात्रा मंगलमय एवं सुखद हो, यही कामना है।”
वहीं मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम धामी ने कहा, “यह सचमुच एक सुखद अनुभव है। मंदिर समिति ने यहां बेहतरीन व्यवस्थाएं की हैं, जिससे यह सुनिश्चित हुआ है कि अब आम लोग भी अपेक्षाकृत कम समय में ‘बाबा’ के आसानी से ‘दर्शन’ कर सकें। अब तक हज़ारों श्रद्धालुओं को ‘बाबा’ की एक झलक पाने का सौभाग्य मिल चुका है।”
उन्होंने यह भी कहा कि आस्था और श्रद्धा के इस केंद्र में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और अविस्मरणीय बनाने हेतु हमारी सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।





