
नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है | अब सभी विद्यार्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तुरंत चेक कर सकते हैं। छात्र अपने रोल नंबर के जरिए आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in और cbseresults.nic.in पर जाकर आसानी से अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके अलावा, DigiLocker, UMANG App आदि प्लेटफॉर्म की मदद से देखा जा सकता है। सीबीएसई की ओर से जारी की जाने वाली ऑनलाइन मार्कशीट केवल प्रोविजनल होगी। छात्र इसे अस्थायी रूप से डाउनलोड कर सकते हैं, लेकिन इसे आधिकारिक दस्तावेज नहीं माना जाएगा।

सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में इस बार कुल 93.70% छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। परिणामों के अनुसार 92.69% लड़कों ने परीक्षा पास की, जबकि 94.99% लड़कियां सफल रहीं, जिससे एक बार फिर छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया है।स्कूलों के प्रदर्शन में इस बार भी केंद्रीय विद्यालयों (केवी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.57% पास प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया है। इसके बाद जवाहर नवोदय विद्यालय 99.42% और सेंट्रल तिब्बतन स्कूल 97.42% के साथ बेहतर परिणामों में शामिल रहे। वहीं निजी स्कूलों का पास प्रतिशत 93.77% और सरकारी स्कूलों का 91.43% रहा, जबकि सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों ने 91.01% परिणाम दर्ज किए।







