
जशपुर : साय सरकार की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जशपुर जिले में शुक्रवार को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए। जिले के अलग-अलग परियोजना क्षेत्रों में हुए इन आयोजनों में कुल 65 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। हिंदू और ईसाई समुदाय के जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक सौहार्द के माहौल में संपन्न कराया गया।

इस आयोजन का खास आकर्षण बगीचा परियोजना क्षेत्र में एक मूकबधिर दिव्यांग जोड़े का विवाह रहा, जिसने सभी लोगों को प्रेरित किया। समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की।बगीचा परियोजना में 20 जोड़ों, कांसाबेल में 12 जोड़ों और बागबहार परियोजना में 32 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रमों में जिला पंचायत और जनपद पंचायत के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत प्रत्येक नवदंपति को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इसमें विवाह आयोजन का खर्च, उपयोगी घरेलू सामग्री और वधु के नाम आर्थिक सहायता राशि शामिल रहती है। साथ ही सभी जोड़ों को वैवाहिक प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।सरकार की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सम्मानपूर्वक विवाह का सहारा बन रही है और सामूहिक विवाह जैसी सामाजिक परंपराओं को भी बढ़ावा दे रही है।







