
चंडीगढ़। टैगोर मिनी थिएटर में मंगलवार को पुस्तक विमोचन एवं प्रमुख नागरिक गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी और सेवानिवृत्त न्यायाधीश परमजीत सिंह धालीवाल ने व्याख्यान दिया तथा पुस्तक संघर्ष का समाधान पंजाब अध्याय का विमोचन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदीप जोशी ने कहा कि संघ का कार्य केवल संगठन खड़ा करना नहीं बल्कि मानसिक परिवर्तन के माध्यम से सामाजिक और सांस्कृतिक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा विचार, व्यवहार और संस्कार की यात्रा है और शाखा के माध्यम से अनुशासन, सामूहिकता और विकास के मूल्यों को सिखाया जा रहा है। उन्होंने स्वदेशी, समरसता और सुरक्षा को समाज में आत्मसात करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जोशी ने कहा कि भारत का समाज सदैव गुण आधारित रहा है और संघ का प्रयास है कि वे गुण पुनः स्थापित हों। उन्होंने इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने अनेक आक्रमण और गुलामी के दौर देखे, लेकिन हर कालखंड में समाज ने स्वयं को पुनर्स्थापित किया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब रावण का काल आया तो राम, कंस के समय कृष्ण और मुगलों और औरंगजेब के समय गुरु साहिबान,महाराणा प्रताप, वीर छत्रसाल, छत्रपति शिवाजी और बंदा सिंह बहादुर जैसे महान व्यक्तित्व सामने आए।





