Varanasi: PM Modi offers prayers at Kashi Vishwanath Temple
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक प्रेरक संस्कृत सुभाषित साझा किया। इस श्लोक के माध्यम से उन्होंने सत्यनिष्ठा, परोपकार, अभ्यास और कर्म के महत्व को रेखांकित किया।
संस्कृत श्लोक के जरिए दिया प्रेरक संदेश
पीएम मोदी ने संस्कृत श्लोक साझा करते हुए लिखा- “सत्यानुसारिणी लक्ष्मीः कीर्तिस्त्यागानुसारिणी। अभ्याससारिणी विद्या बुद्धिः कर्मानुसारिणी।।” इस श्लोक का हिंदी अर्थ है कि धन सत्यनिष्ठा का अनुसरण करता है, यश परोपकार का अनुसरण करता है, ज्ञान अभ्यास का अनुसरण करता है और बुद्धि कर्म का अनुसरण करती है।
एक दिन पहले भी साझा किया था सुभाषित
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को भी एक संस्कृत सुभाषित साझा करते हुए लिखा था कि स्नेहपूर्ण सम्मान और स्वीकार्यता व्यक्ति को गर्व और संतोष का अनुभव कराती है। इससे जहां आत्मविश्वास बढ़ता है, वहीं नई ऊर्जा और उत्साह का भी संचार होता है। उन्होंने श्लोक “त्वत्सम्भावितमात्मानं बहु मन्यामहे वयम्। प्रायः प्रत्ययमाधत्ते स्वगुणेषूत्तमादरः।” साझा किया था। इस श्लोक का हिंदी अर्थ है कि किसी श्रेष्ठ व्यक्ति द्वारा आदरपूर्वक स्वीकार किए जाने पर मनुष्य स्वयं को गौरवान्वित और धन्य अनुभव करता है। श्रेष्ठ जनों द्वारा दिया गया सम्मान व्यक्ति के भीतर उसके अपने गुणों के प्रति आत्मविश्वास को मजबूत करता है।
16 जून को धैर्य और विवेक का दिया था संदेश
पीएम नरेंद्र मोदी ने 16 जून को भी संस्कृत सुभाषित के माध्यम से धैर्य, विवेक और दूरदर्शिता का महत्व बताया था। उन्होंने कहा था कि सोच-समझकर लिए गए निर्णय ही सफलता और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने श्लोक “सहसा विदधीत न क्रियामविवेकः परमापदां पदम्। वृणते हि विमृश्यकारिणं गुणलुब्धाः स्वयमेव सम्पदः॥” साझा किया था। इस श्लोक का हिंदी अर्थ है कि किसी भी कार्य को बिना सोचे-समझे नहीं करना चाहिए, क्योंकि अविवेकपूर्ण निर्णय बड़ी विपत्तियों का कारण बन सकते हैं। वहीं, जो व्यक्ति विचारपूर्वक कार्य करता है, सफलता और समृद्धि स्वयं उसका साथ चुनती हैं।
सोशल मीडिया के जरिए साझा कर रहे हैं जीवन मूल्य
हाल के दिनों में प्रधानमंत्री मोदी लगातार संस्कृत सुभाषितों के माध्यम से जीवन मूल्यों, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, परोपकार, धैर्य और कर्म की महत्ता को रेखांकित कर रहे हैं। उनके इन संदेशों को सोशल मीडिया पर व्यापक प्रतिक्रिया मिल रही है।




