
लखनऊ : – बाबा भोलेनाथ के जयकारे के साथ आज यूपी विधानसभा गूंज उठी, इस दौरान कई विधायकों का रंग भी चर्चा में है। हालांकि हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही अब कल सुबह 11 बजे शुरू होगी। यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। प्रदेश में परिषदीय स्कूलों के विलय और बिजली निजीकरण के मुद्दे पर पक्ष – विपक्ष के बीच उस समय गहमागहमी का माहौल बन गया जब विपक्ष ने अचानक सरकार को घेर लिया। सत्र के दौरान लगातार हंगामा और नारेबाजी चलती रही। आज सदन की कार्यवाही शुरू होते ही चंद मिनटों में स्थगित भी हो गई। कल सुबह 11 बजे दोबारा सदन शुरू होगा। हालांकि सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही जारी रही। सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही में विपक्ष के तीखे सवालों से सरकार के मंत्रियों की तरफ से भी मोटे जवाब दिए जा रहे हैं।

विपक्ष के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष के अपमान के मुद्दे पर सपा सदस्यों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस कारण सदन को दो बार स्थगित करना पड़ा। दोपहर 12.20 बजे से फिर से सदन की कार्यवाही शुरू हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने निधन के निर्देश पढ़े। इस दौरान सभी लोग शांत हो गए। लेकिन एक बार फिर सपा विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा कर दिया। सपा विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने विधानसभा में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया। प्रश्नकाल में विपक्ष के हंगामे के चलते विधानसभी अध्यक्ष सतीश महाना ने 15 मिनट के लिए हाउस स्थगित कर दिया है।

यूपी के आठ अस्पतालों में कैंसर के इलाज की व्यवस्था- ब्रजेश पाठक
सपा विधायक पल्लवी पटेल के प्रश्न का उत्तर देते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में कानपुर मेडिकल कॉलेज, केजीएमयू, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज समेत आठ बड़े अस्पतालों में कैंसर का इलाज किया जा रहा है। कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में रिसर्च जारी है। जरूरत हुई तो केंद्र सरकार से बात करके आगे भी रिसर्च सेंटर बनाए जाएंगे। विधायक पल्लवी पटेल ने प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कैंसर रोगियों के लिए सरकारी सुविधाओं और कैंसर संस्थान को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि क्या सरकार के विजन डॉक्यूमेंट में कैंसर के इलाज के लिए कोई सुविधा बढ़ाई जाएगी??

सीएम योगी बोले- ‘सपा के शासन में दहशत का माहौल था’
सत्र से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मानसून सत्र के दौरान बाढ़, जलभराव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य सभी मुद्दों पर सरकार ने पिछले 8.5 वर्षों में जो कुछ भी किया है, उस पर भी चर्चा होगी। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के विजन को लेकर 13-14 अगस्त को 24 घंटे की चर्चा होगी। सीएम ने आगे कहा कि चर्चा के बाद, हम सदन में एक विस्तृत कार्ययोजना की भी घोषणा करेंगे। उसमें बताएंगे कि कैसे सरकार नीति आयोग के मार्गदर्शन में विशेषज्ञों की मदद से इस विजन डॉक्यूमेंट में आम जनता के साथ-साथ हर वर्ग के नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करेगी। उस कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए, सरकार अगले 25 वर्षों की कार्ययोजना के साथ अपना विजन सदन के पटल पर रखेगी। सीएम ने बोलेते हुए आगे कहा कि सपा के शासनकाल में दहशत का माहौल था।

सावन के महीने में मानसून सत्र और कांवड़ यात्रा का रंग
सपा विधायक अतुल प्रधान मानसून सत्र में एक अनोखी कांवड़ लेकर पहुंचे। उनके कंधे पर जो कांवड़ थी, उसमें एक तरफ सरकार स्कूल व बच्चों की तस्वीर लटक रही थी। दूसरी तरफ सरकारी शराब की दुकान की तस्वीर लटक रही थी। वहीं ऊपर डंडे पर बाबा साहेब और राम मनोहर लोहिया की तस्वीर लगा रखी थी। सपा विधायक सचिन यादव भी एक खास तरह की ड्रेस पहनकर विधानसभा पहुंचे। जो चर्चा का विषय बनी रही। उनके काले रंग के कुर्ते में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, आत्महत्या जैसे शब्द लिखे थे। उन्होंने डिग्री लिखा एक कागज अपने हाथ में फोल्ड करके ले रखा था। उनकी ड्रेस वैसी ही थी, जब कोई छात्र अपनी डिग्री लेने विवि जाते समय पहनता है। इस तरह की ड्रेस पहनकर उन्होंने अनोखे अंदाज में सरकार के प्रति अपना विरोध जताया।