लखनऊ, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने वाले मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत का 8 साल और 127 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए 8 साल और 132 दिन का कार्यकाल पूरा कर लिया है।
योगी आदित्यनाथ ने पहली बार 19 मार्च 2017 को उत्तर प्रदेश के 21वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 2022 में उन्होंने पूर्ण बहुमत के साथ वापसी की और वे पहले ऐसे मुख्यमंत्री बने जिन्होंने पूरा कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा सत्ता में वापसी की।
उनका कार्यकाल सिर्फ समय की दृष्टि से लंबा नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रभाव के लिहाज से भी बेहद मजबूत रहा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने, अपराधियों पर बुलडोजर चलाने, राम मंदिर निर्माण, और धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने जैसे कदमों से राज्य की राजनीति में एक अलग पहचान बनाई है।
योगी आदित्यनाथ का असली नाम अजय मोहन सिंह बिष्ट है और वे मूलतः उत्तराखंड के रहने वाले हैं। मात्र 26 वर्ष की उम्र में वे गोरखपुर से सांसद बने और लगातार पांच बार लोकसभा में चुने गए। वे गोरखनाथ मठ के महंत भी हैं, जहां से उनका धार्मिक और सामाजिक नेतृत्व शुरू हुआ।
आज 53 वर्षीय योगी आदित्यनाथ, न केवल उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अहम चेहरा हैं, बल्कि भाजपा के हिंदुत्व एजेंडे और संगठनात्मक शक्ति को भी मजबूती देने वाले एक रणनीतिक नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। यह रिकॉर्ड न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भाजपा के जमीनी जनसमर्थन का भी प्रतीक है।
