
झारसुगुड़ा : वैन में सवार पुलिसकर्मी शहर की ओर गश्त के लिए निकलते ही थे,कि सड़क पर बेलगाम मंडराते यमराज से उनका सामना हो गया,फिर क्या था ? आमने-सामने की भिड़ंत में 5 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई| जबकि,3 पुलिसकर्मी बेहद घायल अवस्था में जिंदगी और मौत से जूझ रहे है| दरअसल, ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में आज रविवार तड़के भीषण सड़क हादसा सामने आया है | झारसुगुड़ा सदर थाने के पास तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में 5 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक अचानक बोलेरो से जा टकराया। हादसा इतना भयानक था,कि बोलेरो पूरी तरह चकनाचूर हो गई। गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया, जिससे अंदर बैठे सभी जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला पाया। हादसे में जिन पुलिसकर्मियों की मौत हुई है, उनकी पहचान एपीआर यानी आर्म्ड पुलिस रिजर्व के जवान काशीराम भोई, देवदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होम गार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रूप में हुई है। इन सभी जवानों की मौके पर ही जान चली गई। इस हादसे में तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत रेस्क्यू कर झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस पूरे मामले की अधिक जानकारी देते हुए अतिरिक्त एसपी मधुस्मिता मिश्रा ने कहा, ‘दुर्घटना में एक बोलेरो और ट्रक की भिड़ंत हुई है। बोलेरो में सवार 5 लोगों की मौत हो गई है। 2 लोगों की हालत गंभीर के कारण रेफर कर दिए गए हैं, जबकि 1 की हालत स्थिर है। बोलेरो में सवार सभी लोग झारसुगुड़ा पुलिस के कर्मचारी थे। घटना सुबह लगभग 4 बजे हुई। ट्रक का ड्राइवर भी घायल है। उसका भी इलाज किया जा रहा है,मामले को रजिस्टर कर जांच शुरू कर दी गई है।फ़िलहाल,हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है।





