जौनपुर | हममें से कई लोग दिन भर मज़ाक के तौर पर शर्त लगाते रहते हैं | लेकिन ये शर्तें कभी-कभी बहुत महंगी पड़ जाती हैं | जौनपुर में इसी शर्त नाम की बला के चक्कर में एक शख्स को अपनी जान गंवानी पड़ी | दरअसल जौनपुर के मेंकलां धौरहरा गांव के रहने वाले सुभाष का अपना क़ारोबार है | 1 नवंबर को बाज़ार में सुभाष कुछ लोगों के साथ अंडा खाने गए | वहीं हंसी मज़ाक में किसी ने कह दिया कि कौन कितने अंडे खा सकता है | और हंसी हंसी में शर्त लग भी गई | शर्त ये थी कि अगर सामने वाले ने 50 अंडे खाकर एक बोतल शराब भी पी ली तो दो हजार जीत सकता है | इतना सुनते ही सुभाष आगे आए और तैयार हो गए | सुभाष ने अंडे खाने शुरू किए, हर अंडे पर लोग चीख चिल्ला कर माहौल बना रहे थे | 40 अंडे खाने के बाद लोगों ने तालियां बजा दीं | 41 अंडे तो सुभाष खा गया | जैसे ही उसने 42वां अंडा खाया | वहीं गिरकर बेहोश हो गया | लोग सुभाष को नज़दीकी अस्पताल ले गए | वहां देर रात इलाज के दौरान सुभाष की मौत हो गई |
बताया ये भी जा रहा है कि सुभाष ने इसी साल दूसरी शादी की थी | पहली पत्नी से चार बेटियां थीं | सुभाष ने दूसरी शादी क़रीब 9 महीने पहले की थी | सुभाष की पत्नी गर्भवती भी थीं | बात चाहे जो भी हो लेकिन अंत में एक व्यक्ति की मौत हुई | ऐसी भी क्या शर्त जिसमें ज़िंदगी हार जाए कोई |
