वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चीन्ह ने अफ्रीकी स्वाइन फीवर (ASF) की रोकथाम और नियंत्रण के लिए स्थानीय अधिकारियों को सख्त और समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया है। यह जानकारी वियतनामी दैनिक समाचार पत्र नहान दान (पीपुल) ने शुक्रवार को दी।
रिपोर्ट के अनुसार, 2025 की शुरुआत से वियतनाम के 34 प्रांतों में से 28 में ASF के 514 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। इस वजह से 30 हजार से अधिक सूअरों की मौत हो चुकी है या उन्हें मारना पड़ा है। प्रधानमंत्री के निर्देश में कहा गया है कि स्थानीय अधिकारी इस बीमारी को जल्दी पहचानकर प्रभावी तरीके से नियंत्रित करें। इसके अलावा, अवैध सुअर व्यापार और शव फेंकने जैसी गतिविधियों को रोकना भी जरूरी है, क्योंकि ये वायरस फैलाने का मुख्य कारण बनती हैं।
पशु चिकित्सा विभाग को किसानों को सही मार्गदर्शन देना होगा और सुरक्षित क्षेत्रों का विस्तार करना होगा। इसके साथ ही, संबंधित मंत्रालयों को इस बीमारी की रोकथाम के लिए वित्तीय सहायता, निगरानी और जागरूकता कार्यक्रम चलाने होंगे।
अफ्रीकी स्वाइन फीवर एक अत्यंत संक्रामक वायरल बीमारी है, जो घरेलू और जंगली सूअरों को प्रभावित करती है। यह इंसानों के लिए खतरा नहीं है, लेकिन सूअरों की बड़ी संख्या में मृत्यु से कृषि और व्यापार को भारी नुकसान होता है।
ASF वायरस पर्यावरण में लंबे समय तक जीवित रह सकता है और इसके कोई इलाज या वैक्सीन नहीं है। इसलिए, बीमारी को फैलने से रोकना ही सबसे प्रभावी उपाय है। वियतनाम इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए कड़े कदम उठा रहा है ताकि सूअर पालन क्षेत्र को सुरक्षित रखा जा सके।
