गेंदलाल शुक्ला /
कोरबा / हैदराबाद की दिशा की अमानवीय मौत और उसके हत्यारों के एनकाउंटर के बावजूद महिलाओं को लेकर वहशियाना हरकत करने वाले अभी खौफजदा नहीं है | छत्तीसगढ़ के कोरबा में शुक्रवार को एक तरफा प्यार में एक दरिंदे ने एक महिला पर धारदार हथियार से वार कर दिया | बचाव के लिए चीखती चिल्लाती महिला के करीब लोग पहुंचते , इससे पहले इस दरिंदे ने उसकी गर्दन और चेहरे पर कई वार कर उसे अधमरा कर दिया था | प्रत्यक्षदर्शियों ने इस महिला को पुलिस कर्मियों के साथ अस्पताल पहुँचाया | इस महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है |
घटना कोरबा के सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्रमांक 21 बुधवारी बजरंग चौक की है | यहां पीड़ित महिला किराए के मकान में निवासरत थी | इस विवाहित महिला पर पड़ोस में निवासरत इंद्रपाल टोंडे उम्र 40 पिता श्यामसुंदर टोंडे बुरी नजर रखता था | उसने एकतरफा प्यार का इजहार कई बार किया था | लेकिन पीड़ित महिला ने कभी भी उसकी आगे घास नहीं डाली | बताया जाता है कि अक्सर इंद्रपाल इस महिला के साथ छेड़छाड़ किया करता था | सड़क से आते जाते वक्त वो उसकी तस्वीर उतारकर उसके मोबाइल पर भेजने लगा था | प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ सामान्य धाराओं में FIR दर्ज की थी , और जल्द ही वो जमानत पर छूट गया | रिहा होने के बाद उसने पीड़ित महिला को जान से मारने की ठान ली थी | घटना के वक्त एक बार फिर यह शख्स उसके घर के करीब पहुंचा , जैसे ही यह महिला अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकली रास्ते में उसने हमला कर दिया | पीड़ित महिला मुंगेली के लोरमी ग्राम की बताई जा रही है , वो यहां किसी निजी संस्थान में कार्यरत थी | बताया जाता है कि चेहरे, गर्दन, नाक, और कान में धारदार हंसिये के वार से महिला बुरी तरह से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी थी | उसे बचाने पहुंचे लोगों ने भागते वक्त हमलावर को दबोच लिया , और उसकी जमकर धुनाई की | फ़िलहाल घायल महिला का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है | पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 307 के तहत जुर्म दर्ज किया है। कोरबा सिटी कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा के मुताबिक बेहोश होने की वजह से पीड़ित महिला के बयान दर्ज नहीं किये जा सके है , जबकि लोगो की पिटाई से घायल आरोपी को भी स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है |
