
नई दिल्ली: ऑस्कर 2026 समारोह में हर साल की तरह इस बार भी फिल्म जगत की दिवंगत हस्तियों को ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट के जरिए श्रद्धांजलि दी गई। हालांकि भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का नाम इस सूची में शामिल न होने से उनके प्रशंसकों में काफी निराशा देखने को मिली।इस सेगमेंट में हॉलीवुड के कई मशहूर कलाकारों और फिल्मी हस्तियों को याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अभिनेता और होस्ट बिली क्रिस्टल ने अपने दिवंगत मित्र रॉब रेनर को याद करते हुए की। इसके बाद कई चर्चित फिल्मों से जुड़े कलाकारों को श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री रेचल मैकएडम्स ने कैथरीन ओ’हारा को खास अंदाज में याद करते हुए सम्मान दिया। वहीं डायने कीटन के फिल्मी योगदान को भी सराहा गया।गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों में ऑस्कर के ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में भारतीय सिनेमा की कई बड़ी हस्तियों को भी श्रद्धांजलि दी जाती रही है। इससे पहले इरफान खान, श्रीदेवी, शशि कपूर, भानु अथैया और नितिन चंद्रकांत देसाई जैसे कलाकारों को इस मंच से याद किया जा चुका है।ऐसे में इस बार धर्मेंद्र का नाम शामिल न होने से उनके फैंस को उम्मीद के विपरीत निराशा हाथ लगी और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चा तेज हो गई।




