
इटावा। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने गृह जनपद इटावा में पूर्व केंद्रीय मंत्री बलराम सिंह यादव के बेटे गुड्डू यादव के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने शनिवार को उनके आवास पहुंचे। यहां पर पत्रकारों से बात करते हुए सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने कहा कि अमेरिकी डील के बाद देश के लोगों का बुरा हाल होगा। भाजपा जनता को समझा रही है कि 18 की संख्या जीरो से छोटी होती है।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी डील से भारत की जनता और गरीब किसानों का नुकसान होगा।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग एक ही है। दोनों मिलकर एक साथ काम कर रहे हैं। देश में एसआईआर के नाम पर लोगों के वोट काटे जा रहे है।
योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह पहले मुख्यमंत्री है जिन्होंने अपने मुकदमें खुद वापस लिए है। भाजपा की सरकार में पूज्यनीय शंकराचार्य जी का अपमान किया है। भाजपा के लोग सनातनी कैसे हो सकते है। उन्होंने कहा कि बिष्ट जी यह बताए कि उन्हें योगी की उपाधि किस संस्था से मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जब शीशे के सामने देखते होंगे तब शीशा भी उनसे कहता होगा कि वह संत नहीं लगते। केवल भगवा वस्त्र पहन लेने से कोई संत नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि 2027 में जनता भाजपा का सफाया करने जा रही है।




