लखनऊ वेब डेस्क /
अयोध्या में अब राम मंदिर के साथ साथ मस्जिद के निर्माण की पहल भी शुरू हो गई है | दिलचस्प बात यह है कि राम लला के भव्य मंदिर निर्माण के लिए जहां मुस्लिम समुदाय सामने आया है | वहीँ मस्जिद निर्माण की दिशा में हिन्दुओं ने भी अपनी सहभागिता दर्ज करना शुरू कर दिया है | इसकी रूपरेखा तय किये जाने के बीच खबर आ रही है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या में मस्जिद निर्माण के लिए पांच एकड़ भूमि के लिए जगह चिन्हित की है | ये भूमि राममंदिर पंचकोसी परिक्रमा परिधि के बाहर चिन्हित की गई है | सरकार की ओर से सुन्नी वक़्फ़ बोर्ड की चिन्हित भूमि के लिए पेशकश भी की गई है | चिन्हित जगह की मंजूरी के लिए पत्र गृह मंत्रालय को भेजा गया है |
सूत्रो के अनुसार, जमीन अयोध्या – फैजाबाद हाइवे, बस्ती रोड, सुल्तानपुर रोड, गोरखपुर और एक अन्य स्थान पर है | तर्क है कि दोनों समुदायों के एक ही दिन त्यौहार होने से समस्या उत्पन्न हो सकती है | इसलिए भूमि अन्यत्र देना उचित है | उल्लेखनीय है की सुप्रीम कोर्ट ने फैसले में मस्जिद निर्माण के लिए पांच एकड़ भूमि देने का आदेश दिया था | सरकार ने मस्जिद निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की है |
अयोध्या शहर के अंदर 15 किमी लंबा वृत्ताकार मार्ग है, जिसे हिन्दू श्रद्धा से देखते हैं | यानि शहर का अधिकांश हिस्सा पंचकोसी परिक्रमा क्षेत्र में आता है | इसी कारण से मस्जिद निर्माण के लिए शहर के अंदर भूमि दे पाना संभव नहीं था | लिहाजा इसके लिए मुस्लिम समुदाय को उपयुक्त स्थान आबंटित करने की पहल हुई है | बताया जाता है कि नए मस्जिद निर्माण स्थल को लेकर स्थानीय मुस्लिम पक्ष ने भी अपनी सहमति दर्ज कराई है | उम्मीद की जा रही है कि नया साल अयोध्या में मंदिर मस्जिद निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा |