
राजधानी दिल्ली में नवजात शिशु के अपहरण की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, रोहिणी सेक्टर 6 स्थित बाबा साहब अम्बेडकर हॉस्पिटल से बच्चे के अपहरण की हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। पीड़ित परिवार ने मंगलवार को सुबह 9 बजे पुलिस को इस घटना के बारे में सूचना दी है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और बच्चे को बरामद करने की कोशिश में जुटी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मंगलवार 17.02.2026 को सुबह लगभग 9 बजे थाना नॉर्थ रोहिणी में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल (सेक्टर-6, रोहिणी, दिल्ली) के लेबर रूम से नवजात शिशु के अपहरण की सूचना दी गई। शिकायतकर्ता शाहीन (पत्नी जाकिर अली, निवासी नरेला, दिल्ली) ने बताया कि उन्हें 12.02.2026 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था तथा 14.02.2026 को उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया।
कैसे हुआ बच्चे का अपहरण?
शिकायतकर्ता ने बताया कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान लगभग 30 वर्ष की एक अज्ञात महिला उनसे बार-बार मिलने आती थी और विश्वास जीतने में सफल हो गई। 17.02.2026 को सुबह लगभग 5 बजे उक्त महिला दूध पिलाने के बहाने नवजात बच्चे को अपने साथ ले गई। इसके बाद शिकायतकर्ता सो गई। जब वह सुबह लगभग 8 बजे जागी, तो न तो वह महिला मौजूद थी और न ही उसका बच्चा। इस पर उनके पति ने तुरंत पीसीआर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने अब तक क्या एक्शन लिया?
पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर थाना नॉर्थ रोहिणी में FIR संख्या 70/2026 दिनांक 17.02.2026 धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया और तुरंत जांच शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। अस्पताल तथा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें आरोपी महिला नवजात बच्चे को लेकर जाती हुई दिखाई दी है। अस्पताल के स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। आरोपी महिला की पहचान कर जल्द से जल्द अपहृत बच्चे की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।




