नई दिल्ली / दुनिया में ऐसे कई लोग हैं, जो अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए अनोखे तरीके अपनाते हैं। खासकर, शादी प्रपोजल के लिए कपल्स एक से बढ़कर एक तरकीब अपनाते रहते हैं। कई बार इन्हें देखकर हंसी छूट जाती है, तो कई बार हैरानी भी होती है। लेकिन, एक कपल ने शादी प्रपोजल के लिए ऐसा तरीका अपनाया और फिर जो हादसा हुआ उसके बारे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। क्योंकि, इस शादी प्रपोजल में एडवेंचर के साथ-साथ मौत का खतरा भी है। दरअसल ऑस्ट्रिया में एक महिला अपने प्रेमी द्वारा रखे गए शादी के प्रस्ताव का जवाब ‘हां’ में देने के तुरंत बाद करीब 650 मीटर ऊंची चट्टान से फिसलकर गिर गई।

हालांकि इस प्रेमी जोड़े की किस्मत बहुत अच्छी है, इसलिए इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद 32 वर्षीय इस महिला की जान बच गई। बताया जा रहा है कि ये प्रेमी जोड़ा ऑस्ट्रिया के फालकार्ट पर्वत पर अपने रोमांटिक पल बिताने गया था। वहां 27 वर्षीय शख्स ने जैसे ही अपनी प्रेमिका के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, वैसे ही युवती का पैर फिसल गया और वह नीचे गिरने लगी।गौरतलब है कि मौत के आगोश में जाते वक्त भी युवती को अपनी जान से ज्यादा प्रेमी और उसके प्यार की चिंता थी। पहाड़ी से गिरते वक्त वो अपने प्रेमी का जवाब ‘हां’ में दे रही थी।

बताया जा रहा है कि प्रेमिका को नीचे गिरता देख प्रेमी ने भी उसे बचाने के लिए छलांग लगाई, लेकिन वह ऐसा ना कर सका। वह ऊंची चट्टान से कूदा तो जरूर लेकिन 50 फीट नीचे आने पर ही एक स्थान पर फंस गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महिला लगभग 650 फीट ऊंची चट्टान से नीचे बर्फ की चादर पर गिरी, इस कारण उसे ज्यादा चोट नहीं आई। बाद में एक राहगीर ने उसे बर्फ पर पड़ा देखा तो प्रशासन को सूचना दी। जिसके बाद महिला की जान बचाई जा सकी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि ये प्रेमी जोड़ा बहुत भाग्यशाली है। दोनों नीचे गिरे लेकिन किसी की भी जान नहीं गई। दोनों सुरक्षित हैं। यह बेहद आश्चर्यजनक है।
