
उत्तर प्रदेश : संभल जिले में आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। यहां के सीओ कुलदीप कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश देते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, अलविदा जुमे और ईद को देखते हुए Kotwali Sambhal परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और शहर के प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में त्योहारों को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने को लेकर कई जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान सीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि जिले में कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सड़क पर नमाज पढ़ने, विदेशी मुद्दों को लेकर नारेबाजी करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।सीओ ने यह भी कहा कि कुछ लोग दूसरे देशों के मुद्दों को लेकर भावनात्मक बयानबाजी करते हैं। अगर कोई ऐसी गतिविधि जिले की कानून-व्यवस्था को प्रभावित करती है तो पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर रील बनाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी हरकतों पर पुलिस सख्ती से निपटेगी।उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी समुदायों के साथ मिलकर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के पक्ष में है, लेकिन अगर कोई व्यक्ति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




