दिल्ली वेब डेस्क / देश विदेश के मंदिरों और म्यूजियम में मूर्तियां और कई वस्तु सोने से निर्मित देखी जा सकती है | लेकिन अब सोने से निर्मित होटल भी सामने आया है | यह होटल बनकर तैयार है और मेहमानों के इंतज़ार में पलक पावड़े बिछाये यहाँ का स्टाफ खड़ा है | कई नामी गिरामी और आर्थिक रूप से संपन्न लोग ही इस होटल का लुफ्त उठा पाएंगे | हालाँकि कई लोग इस होटल का दीदार करने के लिए तैयार बैठे है | लेकिन मैनेजमेंट ने इसकी इजाजत नहीं दी है | सोने से निर्मित इस होटल की सुरक्षा व्यवस्था में हथियारबंद सैनिकों का दस्ता भी तैनात है | दुनिया का पहला सोने का होटल वियतनाम की राजधानी हनोई में खुला है |

इस होटल के दरवाजे, खिड़कियां, तमाम गेट, नल, वॉशरूम, खाने के बर्तन, कप, टेबल सब कुछ सोने का है | इस होटल का नाम है डोल्से हनोई गोल्डन लेक | इस होटल को दक्षिण-पूर्व एशिया का सबसे लग्जरी होटल का खिताब दिया गया है | 25 मंजिला डोल्से हनोई गोल्डन लेक एक फाइव स्टार होटल है | इस होटल में 400 कमरे हैं |

होटल की बाहरी दीवारों पर करीब 54 हजार वर्ग फीट गोल्ड प्लेटेड टाइल्स लगाई गई हैं | लॉबी में फर्नीचर और साज-सज्जा में भी सोने की कारीगरी की गई है | ताकि पूरे होटल में गोल्डन अहसास हो | बाथरूम में बाथटब, सिंक, शॉवर से लेकर सभी एक्सेसरीज सोने की हैं | बेडरूम भी ला जवाब है |

इसमें दाखिल होते ही राजमहल जैसा अहसास होता है | इसकी साज सज्जा शाही लुक में है | चारों ओर रखे फर्नीचर और साजो-सामान पर गोल्ड प्लेटिंग की गई है | प्रत्येक रूम की सजावट अलग -अलग है | इसकी छत पर इन्फिनिटी पूल स्थित है | यहां से हनोई शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है | होटल की छत की दीवारों तक पर भी गोल्ड प्लेटेड ईंटें लगी हैं |
बताया जाता है कि सोना मनुष्य के मानसिक तनाव को कम करने में मदद करता है | ताकि उनका मन मस्तिष्क शांत हो सके | इसलिए होटल प्रबंधन ने सोने की प्लेटिंग का इतना ज्यादा उपयोग किया है |

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस होटल का किराया भारतीय करंसी में एक लाख रुपये प्रति दिन है | डबल बेडरूम सुइट में पर नाईट किराया करीब 75 हजार रुपए है | हालाँकि होटल के कुछ रूम रियायती दरों में भी रखे गए है, ताकि कम बजट वाले लोग भी यह रुक सके | इन्हे पर नाईट किराया करीब 20 हजार रुपए देना होगा | होटल में 6 प्रकार के कमरे हैं | यही नहीं शाही सुइट से लेकर खास 6 प्रकार के सुइट भी हैं | इसमें प्रेसिडेंशियल सुइट की कीमत 5 लाख रुपए प्रति रात है | इस होटल में एक गेमिंग क्लब भी है जो 24 घंटे खुला रहता है. यहां पर कसीनो और पोकर जैसे गेम खेलने के लिए दुनिया भर से लोग आ रहे है |

वे यहाँ रुक कर केसिनों में पैसे भी कमा रहे है | 2 जुलाई गुरुवार को इस होटल का शुभारंभ जब हुआ तो यहाँ आने वाले मेहमानों ने जाने का नाम ही नहीं लिया | पहले दिन कई मेहमानों ने अपनी रूचि दिखाई और इसकी दीवारें से सटकर अपनी खूबसूरत फोटो खिचवाई |

सोने की होटल देखकर मेहमानों की आंखे चौंधियाँ गई | होटल के स्टाफ के रेड और गोल्डन ड्रेस कोड और व्यवहार ने लोगों को खूब प्रभावित किया | बताया जाता है कि इस होटल का निर्माण साल 2009 में शुरु हुआ था | जब सोने की कीमत 10 हज़ार रुपये प्रति 10 ग्राम थी | आज इसकी कीमत लगभग 50 हज़ार प्रति 10 ग्राम हो गई है |

इसे बनाने वाली होआ बिन ग्रुप एंड विनधम ग्रुप ने होटल के ऊपरी फ्लोर पर फ्लैट्स भी बनाए है | जानकारी के मुताबिक इस होटल के एक हिस्से में अगर किसी को अपने लिए फ्लैट्स लेना हो तो वो भी ले सकता है |