
दिल्ली : देशभर में गर्मी तेज़ी से पैर पसार रही है, मार्च महीने की शुरुआत से ही कई राज्यों में तेज़ धूप और लू के थपेड़े अनुभव किए जाने लगे है,यही नहीं न्यूनतम और अधिकतम तापमान भी तेज़ी से बदल रहा है, यह अचानक सामान्य से ऊपर पहुंच गया है, इससे लोगों को अभी से ही गर्मी का एहसास होने लगा है| इस बीच मौसम विभाग ने 9 राज्यों में बारिश और अंधड़ का अलर्ट जारी किया है | मौसम विभाग का पूर्वानुमान है, कि इस सप्ताह हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत अन्य राज्यों में हीटवेव की ओर मौसम शिफ्ट होगा। इसे तापमान में वृद्धि होगी,जबकि पहाड़ों पर एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की चेतावनी दी गई है |

इसका प्रभाव हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले स्थानों पर नज़र आएगा| इन इलाकों में अगले 4 दिन तक रुक-रुक कर बादल बरसते नजर आएंगे और कहीं-कहीं बर्फबारी होगी। उत्तराखंड में आज 8 मार्च से ही विक्षोभ के असर से बारिश-बर्फबारी का अनुमान लगाया जा रहा है,अगले 24 घंटे के दौरान एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम के कुछ हिस्सों पर बना रहेगा, जिस कारण बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं। वहीं, एक ट्रफ बनने से कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के तटीय हिस्सों पर आंधी-तूफान एवं पानी गिरने के आसार हैं। इसका कुछ असर महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ कोस्टल हिस्सों पर दिखाई दे सकता है।

उत्तर प्रदेश,मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पारा ऊपर की ओर बढ़ रहा है,आलम ये है कि सुबह धूप निकलते ही गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार सामान्य से अधिक गर्मी पड़ सकती है। राज्य में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे लू जैसे थपेड़े लग रहे हैं। राजस्थान में भी तापमान बढ़ता जा रहा है। बाड़मेर समेत कई जिलों में अधिकतम पारा 38 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। आईएमडी के मुताबिक, जल्द ही हीटवेव का अलर्ट घोषित किया जा सकता है।

बिहार में अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य में 9 से 11 मार्च के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मौसम में बदलाव हो सकता है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है।झारखंड में भी 7 से 19 मार्च के बीच मौसम बदला रहेगा और बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश का अनुमान है।

दिल्ली एनसीआर में मौसम साफ है,सुबह से तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास हो रहा है। इतना ही नहीं रात भी गर्म प्रतीत हो रही हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में वीकेंड पर न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है,एक्यूआई फिर बढ़ा है और यह 220 के पार पहुंच गया है। माना जा रहा है पारा चढ़ने और लू की एंट्री के बाद प्रदूषण अपने न्यूनतम स्तर की और शिफ्ट होगा।

उत्तराखंड के पर्वतीय भागों पर 8 मार्च से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है, जिसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश एंव बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। आईएमडी का अनुमान है कि मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट हो सकती है, जिससे सर्दी का एहसास होगा। विक्षोभ से सबसे अधिक चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों पर हल्की बारिश एवं बर्फबारी की संभावना है। फिलहाल, अगले कई दिनों तक गंगोत्री, यमुनोत्री,केदारनाथ और बदरीनाथ में बर्फबारी जारी रहने से न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। हालांकि, मैदानी भागों पर मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी।





