
दुर्ग /रायपुर : छत्तीसगढ़ का दुर्ग जिला प्रदेश के एक ऐसे ‘‘गोले” के रूप में देखा जा रहा है, जहाँ की पुलिसिंग के अपने कायदे-कानून है, वो भी कारगर डिजिटल सिस्टम के साथ। यहाँ कार सवार शख्स को ”हेलमेट” पहनना अनिवार्य है, अन्यथा बगैर हेलमेट पहने स्टेरिंग सँभालने पर आपके घर ई-चालान आ धमक सकता है, इसे यूं कहा जाए, कि कार ड्राइवर के हेलमेट नहीं पहनने पर यातायात पुलिस जुर्माना ठोक सकती है,उसने यह करतब भी कर दिखाया है। छत्तीसगढ़ के लोग इस “गोले” को लेकर सतर्क हो जाए ? यही नहीं, दुर्ग आवाजाही करने वालो को भी सावधान होना जरुरी है,वरना आपको भी कार में हेलमेट नहीं पहनने पर ई-चालान का सामना करना पड़ सकता है। यहाँ का यातायात विभाग और उसका डिजिटल सिस्टम सुर्ख़ियों में है,अनजान नागरिकों को इस गोले के चालान सम्बन्धी नए नियमों से वाकिफ होना जरुरी है।

दुर्ग के ई-चालान से जुडी ये ख़बर हैरान करने वाली है|दरअसल,छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक “कार मालिक” के खिलाफ चालानी कार्यवाही सिर्फ इसलिए कर दी गई,क्योंकि कार की स्टेरिंग संभाल रहे शख़्स ने हेलमेट नहीं पहनी थी| मामला अजीबो-गरीब ज़रूर है,लेकिन हकीकत भरा बताया जा रहा है| जब कार मालिक के मोबाईल पर ई -चालान आया उसके चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगी। जबकि इस चालान पर गौर फरमाते ही पैरो तले जमीन खिसक गई। चालान में जुर्माने का जो कारण दर्शाया गया है,उसे पढ़ कर पीड़ित की आंखे भी फटी की फटी रह गई| दरअसल,”हेलमेट’‘ नहीं पहनने पर कार सवार के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई थी। आप भी देखें, इस गोले के ई-चालान सिस्टम की बानगी !

तस्वीरों में नजर आ रहे रायपुर में रहने वाले इस शख्स का नाम शिब्बू है| शिब्बू दैनिक कामकाज़ के लिए अक्सर रायपुर से दुर्ग तक आवाजाही करते है,वो भी अपनी कार में सवार हो कर| खास बात ये है,कि शिब्बू पढ़े-लिखे भी है और एक अच्छे नागरिक की तरह यातायात नियमों का पालन करने से भी नहीं चूकते| वाहन को मुनासिफ जगह और नियमों के तहत पार्क करना उनकी आदत में शुमार है,लेकिन दो दिन पहले दुर्ग के चरोदा में शिब्बू के साथ जो हुआ,वो हैरान करने वाला बताया जाता है। यहां के यातायात विभाग ने शिब्बू को हेलमेट ना पहनने पर जुर्माने का ई-चालान भेज दिया| उनके मोबाइल नंबर पर जब चालान का मैसेज आया ,तो शिब्बू के होश उड़ गए। चालान का कारण हैरान करने वाला था|

चालान में यातायात के कैमरों से ली गई उनकी कार का नंबर दर्ज था। लेकिन हेलमेट ना पहनने की वजह को यातायात विभाग ने चालान योग्य प्रकरण माना था| ई-चालान में कार नंबर – CG04HY4868 पर दिनांक -19 मार्च 2026 को 500 रूपये का जुर्माना ठोका गया है| चालान की प्रति में कार की डिजिटल तस्वीर चस्पा होने के साथ ही जुर्माने का कारण स्पष्ट रूप से ”हेलमेट” ना पहनना ही दर्शाया गया है| इसे आप भी गौर से देख सकते है| शिब्बू इस चालान को देख कर कभी खुद को कोस रहे है,तो कभी यातायात विभाग के कामकाज पर हैरानी जता रहे है |

बताया जाता है कि शिब्बू का सामना जीवन में पहली बार इस तरह के चालान से हुआ है। इसके पहले उन्हें सिर्फ यही पता था, कि मोटर साइकिल-बाइक सवारों को ही हेलमेट पहनना जरूरी है। दुर्ग में आवाजाही करने पर उन्हें एहसास हुआ,कि ये अलग ही गोला बन गया है | यहां के यातायात के नियम-कायदे देश-प्रदेश के अन्य इलाकों से मेल नहीं खाते है| कार सवार के हेलमेट नहीं पहनने पर जुर्माने का मामला अब सोशल- मीडिया में सुर्खियां बटोर रहा है| वही अब उनका सड़को पर लगे यातायात के कैमरों पर से शिब्बू का विश्वास उठ गया है| वे अब तक समझते थे कि तीसरी आँख धोखा नहीं खा सकती। लेकिन यातायात विभाग के कैमरे की नजर इस तरह से उनके साथ दगा कर जाएगी ? उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था|

शिब्बू का ई-चालान उनके यार-दोस्तों के बीच चर्चा का विषय बन गया है,इस बात को लेकर माथापच्ची हो रही है,कि शिब्बू जुर्माना अदा करे या नहीं ? ये मामला ई-चालान के डिजिटल एरर की बानगी है,या फिर ह्यूमन एरर| इसे लेकर सवाल उठ रहा है, कई लोग पूछ रहे है कि जब ई-चालान में कार की फोटो दर्ज है,तो कार में हेलमेट पहनने का क्या औचित्य क्या है? फ़िलहाल,इस अजीबो-गरीब चालान के मामले में दुर्ग यातायात पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है |
रायपुर में कांग्रेस के ‘टिनशीट स्टार’ नेताओं का “प्रदर्शन कम, परफॉर्मेंस ज्यादा ! सियासत या सोशल मीडिया शो? मुश्किल में जनता,चर्चा में नेता जी…





