नई दिल्ली। गुंडे बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए नया पैतरा आजमाना शुरू कर दिया है | ये पैतरा पुलिस कर्मियों के लिए असहज साबित हो रहा है | वो किसी संक्रमित की तरह ऐसे गुंडे बदमाशों से परहेज करने लगे है | दरअसल मामला ही कुछ ऐसा है , ऐसे गुंडे बदमाशों को धर दबोचने से तो दूर वे उसके करीब तक जाने में आनाकानी करने लगे है | इस तरह की समस्या दिल्ली पुलिस के लिए आम होती जा रही है | फिर भी वो ऐसे तत्वों पर लगाम लगाने में जुटी है | इस समस्या का सामना कर रही पुलिस ने अपनी नाक बंद कर आखिरकर उस बदमाश को धर दबोचा | हालांकि इस गिरफ्तारी को अंजाम देने के बाद पुलिस कर्मियों को नहाना पड़ा |

दरअसल राजधानी दिल्ली में एक अपराधी ने पुलिस से बचने के लिए अपने शरीर पर ही मल लगा लिया | उसके हाथ पैर और शरीर में गंदगी देखकर पुलिसकर्मी छी छी करने लगे | कुछ ने तो उसकी गिरफ्तारी का इरादा ही टाल दिया | ज्यादातर पुलिस कर्मी इस बदमाश के पास तक जाने में हिचकिचा रहे थे | हालांकि इस बदमाश का ये फॉर्मूला काम नहीं आया | आला अफसरों के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने हाथों में दस्ताने पहनकर उसे गिररफ्तार कर लिया।

23 साल का ये बदमाश लूट समेत कई आपराधिक मामले में शामिल रहा है | पुलिस ने इस आरोपी को गिरफ्तार कर थाने में नहलाया धुलाया और फिर उसे अदालत में पेश किया | जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। घटना कश्मीरी गेट के पास की है | आरोपी का नाम अर्जुन है | बताया जा रहा है कि सिर्फ अर्जुन ही नहीं बल्कि कई और बदमाशों ने इसी तर्ज पर हरकत कर पुलिस की नाक में दम कर दिया है | कई बार तो आरोपियों के शरीर में गंदगी देखकर पुलिस कर्मी उनकी गिरफ्तारी से पीछे हट जाते है |

ऐसे ही कई बदमाशों ने पुलिस की वर्दी पर मल लगाकर उसे दागदार बनाने की घटनाओं को अंजाम दिया है | समस्या यह है कि इस तरह के आरोपियों की धर पकड़ के लिए दिल्ली पुलिस को काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है | कभी वर्दी से उन्हें दूरियां बनानी पड़ती है तो कभी फौरन नहाना पड़ता है | यही नहीं कई बार तो गंदगी के चलते गाडी को भी स्नान कराना पड़ता है | बताया जाता है कि इस घटना में भी आरोपी को कश्मीरी गेट के पास जब पकड़ने की कोशिश की गई तो उसने अपने शरीर पर मल लगा लिया और सिपाही को भी लगाने के लिए बढ़ा।