
IND vs ZIM Chennai Weather: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की प्रतिष्ठा दांव पर है, उसे हर हाल में अपने सभी मुकाबलों पर जीत दर्ज करनी है वरना सेमीफाइनल पहुंचना मुश्किल हो जायेगा। उसे अगले सुपर-8 मैच में आज जिम्बाब्वे का सामना करना है, ये मुकाबला चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया को अगर इस वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचना है तो उन्हें हर हाल में जिम्बाब्वे को इस मुकाबले में हराना होगा। इस मैच से पहले फैंस के मन में चेन्नई के मौसम को लेकर सवाल उठ रहा है, वो ये है कि क्या इस मैच के दौरान बारिश खलल तो नहीं डालेगी ? अगर बारिश की वजह से मैच रद्द हो गया तो उस स्थिति में क्या होगा। तो एक्सपर्ट से सुनते है, इन सवालों का जवाब।

ये बात तो पक्की है कि अगर भारत को सेमीफाइनल की रेस में बने रहना है तो उन्हें इस मैच में जीत दर्ज करनी होगी। लेकिन अगर किसी वजह से यह मैच पूरा नहीं हो पाया, या बारिश के चलते रद्द हो गया तो उस स्थिति में भारत टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो जाएगा। क्योंकि अगर मैच हुआ तो उस स्थिति में टीम इंडिया को एक अंक मिलेंगे। इसके बाद भारतीय टीम अधिकतम तीन पॉइंट्स तक ही पहुंच पाएगी। ऐसे में उनके लिए सेमीफाइनल का सफर का लगभग खत्म हो जाएगा। हालांकि फैंस के लिए राहत भरी खबर ये है कि मैच के दौरान बारिश की संभावना नहीं है।

एक्यूवेदर के मुताबिक मैच के दिन आज गुरुवार को चेन्नई का आसमान साफ है। सुबह के वक्त तापमान तकरीबन 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दिन में धूप खिली रहेगी। शाम तक वहां का तापमान 27 डिग्री तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने बारिश का फिलहाल कोई पूर्वानुमान नहीं जताया है। हालांकि, सोमवार को जब मौसम का अनुमान देखा गया था तो गुरुवार को दोपहर में 25 प्रतिशत बारिश का पूर्वानुमान एक्यूवेदर ने बताया था। लेकिन आज मैच का दिन आते-आते यह अनुमान शून्य तक पहुंच गया है।

टीम इंडिया में शामिल खिलाड़ियों में ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, संजू सैमसन है, जबकि जिम्बाब्वे की टीम में तदिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, बेन करन, क्लाइव मडांडे, टिनोटेंडा मापोसा, वेलिंगटन मसाकाद्जा शामिल किये गए है। देखना गौरतलब होगा कि आज के मुकाबले में टीम इंडिया कैसा रंग दिखाती है।






