दिल्ली : पहाड़ो से लेकर पूरे उत्तर भारत और मध्यप्रदेश तक ठण्ड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। हिमालय और कश्मीर समेत अन्य पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर अब दिखने लगा है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से जहाँ सैलानी मस्ती में झूम रहे है वही मौसम में तेजी से बदलाव के चलते मैदानी इलाकों में लोग ठण्ड से ठिठुर रहे है। तापमान में पहले के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और भी गिरावट आएगी। उसके अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली के अलावा दूसरे राज्यों में भी तापमान में गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग की मानें तो मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है. वहीं चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने का अनुमान लगाया गया है।

उत्तराखंड और हिमाचल में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। उत्तराखंड में तेजी से ठंड बढ़ने लगी है। राजधानी देहरादून में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दूसरे पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी. राजधानी शिमला में आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहेगा. मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार को बर्फबारी होने की आशंका जताई है।

कश्मीर में रात के समय तापमान शून्य के नीचे चला गया है। यहाँ मौसम बेहद ठंडा हो गया है। समूचे कश्मीर घाटी में इसका असर देखने को मिल रहा है। सैलानी बर्फ के पहाड़ो में मस्ती कर रहे है। बर्फ की चादर से ढकी कश्मीर की वादियों में कई शादी -शुदा जोड़े हनीमून ट्रिप पर है। कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार टूरिस्ट बड़ी तादात में यहाँ दस्तक देंगे। फिलहाल पिछले वर्षो की तुलना में घाटी में रौनक देखी जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने के आखिर तक कश्मीर में मौसम शुष्क और रातें सर्द होने का अनुमान है. वहीं, लद्दाख के लेह और द्रास में तापमान में गिरावट जारी रहेगी. मौसम विभाग ने इन इलाकों में दिन के समय ठंड कम होने, जबकि रातें सर्द होने का अनुमान जताया है।

देश के दूसरे शहरों में भी सर्दी ने दस्तक दे दी है। यूपी में बदलते मौसम का असर दिखने लगा है। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है. पड़ोसी राज्य बिहार में भी तापमान में गिरावट जारी है. वहीं, सूदूर दक्षिण की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार बेंगलुरु में आज बारिश के आसार हैं. बेंगलुरु में बारिश के कारण तापमान में गिरावट जारी रहेगी और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने का अनुमान लगाया गया है।