मिर्जापुर वेब डेस्क / देर रात आराम फरमाते वक़्त एक परिवार को अहसास हुआ कि कमरे में कोई भारी भरकम जानवर घुस आया है | पहले तो उन्हें अजगर का अहसास हुआ | लेकिन जैसे ही हमले का रोमांच दिखाई दिया, वे फ़ौरन समझ गए कि यह अजगर नहीं मगरमच्छ है | घटना उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के मड़िहान इलाके की है | यहाँ देर रात एक घर में मगरमच्छ घुसने से हड़कंप मच गया |

पीड़ित परिवार के कोहराम मचाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इस घर का रुख किया | मामले की सूचना डायल 112 को दी गई| मौके पर पहुंचे पीआरवी कर्मियों ने घर के दरवाजे को बंद कर मगरमच्छ को सुरक्षित किया | जबकि घर वाले सारी रात घर के बाहर ही पहरा देते रहे | दूसरे दिन सुबह पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को पकड़ा|

बताया जाता है कि मिर्जापुर के कुड़ी गांव के रहने वाले सुरेश मौर्या के घर में जब रात के समय लोग सोने की तैयारी कर रहे थे| तभी उन्हें घर के कमरे में पांच फीट से बड़ा मगरमच्छ दिखाई दिया | यह देख कर घर के लोगों की नींद उड़ गई | वे फ़ौरन बाहर निकल भागे| मगरमच्छ घुसने की खबर जंगल में आग की तरह गांव में फैल गई | चंद पलों में ही काफी संख्या में लोगों की भीड़ इस घर में जुट गई|

दूसरे दिन सुबह वन विभाग की टीम ने इस घर का रुख किया | वो मगरमच्छ को पकड़कर अपने साथ साथ ले गई तब जाकर गांव के लोगों ने राहत की सांस ली | दरअसल सुरेश मौर्य के घर से लगभग 700 मीटर की दूरी पर बकहर नदी बहती है | अंदेशा जाहिर किया जा रहा है कि इसी नदी से निकलकर मगरमच्छ ने उनके घर का रुख किया था | ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले भी कई बार मगरमच्छ लोगों के घरों तक पहुंच चुका है |

मिर्जापुर वन विभाग के डीएफओ राकेश चौधरी ने बताया कि सूचना मिली थी कि गांव में किसी के घर में मगरमच्छ घुस गया है| उन्होंने बताया कि इस गांव के करीब से बकहर नदी बहती है | इस नदी में बड़ी संख्या में घड़ियाल और मगरमच्छ रहते हैं| उनके मुताबिक संभवता शिकार की तलाश में वो गांव में पहुंच गया| हम लोगों ने मगरमच्छ को पकड़कर नदी में छोड़ दिया है|