
रायपुर में एयरफोर्स के एक विंग कमांडर की मौत से सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक विंग कमांडर का शव उनके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। यह घटना शहर की वीआईपी मानी जाने वाली विधायक कॉलोनी में हुई है। घटना के समय उनकी पत्नी दिल्ली गई हुई थीं, जबकि दोनों बच्चे घर में ही मौजूद थे और अपने कमरे में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि विंग कमांडर विपुल यादव मूल रूप से हरियाण के रहने वाले थे और इन दिनों छत्तीसगढ़ में नक्सल ऑपरेशन से जुड़े दायित्व निभा रहे थे। वह परिवार के साथ विधायक कॉलोनी के बंगला नंबर 79 में रहते थे। सुबह सबसे पहले घर में काम करने वाली मेड ने कमरे में उनका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे की तलाशी लेने पर कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है और वे रायपुर पहुंच रहे हैं।मिली जानकारी के अनुसार विपुल यादव ने साल 2014 में लव मैरिज की थी। उनकी पत्नी पहले एयरफोर्स में कार्यरत थीं, लेकिन वर्तमान में आईटी सेक्टर में काम कर रही हैं। घटना के समय वह दिल्ली में थीं, जबकि दोनों बच्चे घर में मौजूद थे।फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि शुरुआती तौर पर घरेलू विवाद की संभावना जताई जा रही है। पुलिस पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।






