
रायपुर : छत्तीसगढ़ में “अंग्रेजी प्रेम दिवस” वेलेंटाइन डे की रौनक फ़ीकी नज़र आई| उस पर,सनातनी मातृ-पितृ पूजन दिवस भारी पड़ा है | आमतौर पर बाग़-बगीचों में नज़र आने वाली सैलानियों की टोली में प्रेमी-प्रेमिका दूर-दूर तक नजर नहीं आए|अलबत्ता,रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर मातृ-पितृ पूजन दिवस की खुशियां बिखेरने के लिए कई नौ जवान लड़के-लड़कियां अपने परिजनों के साथ नजर आए | उनके अलावा कई स्कूली बच्चों ने यहां अपनी मौजूदगी दर्ज करा कर अपने माता- पिता के पैर पखारे और उनका आशीर्वाद लिया | इस नज़ारे को देखने के लिए कई लोगों ने दिलचस्पी दिखाई,इन लोगों ने सुबह होते ही तालाब किनारे ढेरा डाल लिया था| कोई सैर-सपाटे के लिए तो मॉर्निंग वॉक के लिए मरीन ड्राइव में दिखाई दिया| लेकिन,हर किसी की निगाहें यहां आयोजित मातृ-पितृ पूजन में जुटे नौ जवानों पर टिकी रही | एक ओर स्नेह-प्रेम और आदर की बहार तो दूसरी ओर माता-पिता की चरण वंदना से सराबोर युवक-युवतियां सनातनी रंग में नज़र आए|

रायपुर के तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) पर वैलेंटाइन डे के विकल्प के रूप में मातृ-पितृ पूजन दिवस कई वर्षों से मनाया जा रहा है |यह दिन संत आसाराम बापूजी द्वारा शुरू किया गया था,जिसका उद्देश्य पाश्चात्य संस्कृति के बजाय माता-पिता के प्रति सम्मान और प्रेम (मातृ-पितृ आराधना) को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम में बच्चे अपने माता-पिता का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और आरती उतारकर पूजन करते हैं तथा उनका आशीर्वाद लेते हैं। इसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देना और परिवार में प्रेम-सम्मान के मूल्यों को बढ़ाना है | मरीन ड्राइव पर विशेष रूप से बच्चे अपने माता-पिता की पूजा कर उन्हें फूल भेंट किया और उनसे आशीर्वाद लिया | यह आयोजन बच्चों में माता-पिता के प्रति आदर,आज्ञाकारिता और विनम्रता जैसे मूल्यों को विकसित करने में मदद करता है।

उधर,कलेक्टर गार्डन,गाँधी उद्यान,मोती बाग़ समेत नवा रायपुर के बाग़-बगीचों में भी लोगों का जमावड़ा रहा,लेकिन प्रेमी जोड़ों के बजाए ज्यादातर शादीशुदा युवक-युवतियां मौज़-मस्ती करते दिखाई दिए |

ऊर्जा पार्क, जो हर साल 14 फरवरी को हॉटस्पॉट बन जाता है, इस बार पुलिस छावनी जैसा लगा। मौके पर कपल्स कम, वर्दी ज्यादा नज़र आए। राम मंदिर के सामने भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।अनुपम गार्डन, गुरु तेग बहादुर गार्डन और निगम गार्डन जहां आम दिनों में भीड़ रहती है, आज दोपहर में असामान्य रूप से शांत दिखे।

हालाँकि दिन ढलते-ढलते कई लोग यहां अपनी मौजूदगी दर्ज कराते नज़र आए | वही रायपुर में वैलेनटाइन डे के पहले प्रेमी जोड़ों को बजरंग दल ने चेतावनी देते हुए कहा कि होटल-मॉल या सड़कों पर वैलेनटाइन डे मनाने वालों को सबक सिखाएंगे,हालांकि समाचार लिखें जाने तक राज्य के किसी भी इलाके से अप्रिय वारदात की जानकारी सामने नहीं आई है |

कहा जा रहा है,कि मॉल समेत कई होटलों में आज रात “ग्रैंड गाला पार्टी ” आयोजित की गई है | इसमें शराब,शबाब समेत नशे का पूरा इंतज़ाम किया गया है | VIP रोड स्थित ऐसे ही दर्जनों छोटे-बड़े होटलों में रात के जश्न की ज़ोर शोर से तैयारी दिखाई दी|

उधर,शराब दुकानों में भी आम दिनों के बजाए आज उपभोक्ताओं की संख्या में तेज़ी देखी गई| शहरों से लेकर गांव कस्बों की दुकानों में वैलेनटाइन डे की सक्रियता के अलग-अलग नज़ारे दिखाई दिए | वाहनों में सवार कई नौ जवान के चेहरे मुरझाए हुए और हाथो में बियर की बाटली नज़र आई,टूटे दिल और अरमानों पर पानी फिरने का ग़म छिपाए नहीं छिपता नज़र आया| फ़िलहाल,वैलेनटाइन डे पर भारी पड़े मातृ-पितृ पूजन दिवस को लेकर लोगों की उत्सुकता दिन भर बनी रही|






