पैरावट में अचानक लगी आग : दो सगे मासूम भाईयों की मौत, एक बच्चा बुरी तरह झुलसा

0
4

जगदलपुर। बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर के ग्राम मुरकुची में आज सुबह पैरावट में अचानक लगी आग से इसमें खेल रहे दो बच्चे जिंदा जल गए। वहीं एक बच्चा बुरी तरह से झुलस गया है। परिजनों ने बच्चे को उपचारार्थ अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। सूत्रों ने बताया कि हादसा भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम मुरकुची का है। यहां एक घर के बगल में ही पैरावट रखा हुआ था। रोज की तरह कुछ बच्चे इसी पैरावट में खेल रहे थे कि अचानक पैरावट में आग लग गई।

बच्चे इसमें से निकल पाते, इसके पहले पैरावट धधक उठा और गांव में ही रहने वाले सुजीत 9 वर्ष तथा विजेन्द्र 5 वर्ष ( दोनों सगे भाई ) की मौत हो गई। बताया जाता है कि सुजीत की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं विजेन्द्र की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इस हादसे में दोनों भाईयों के साथ खेल रहा एक अन्य बच्चा मुकेश 4 वर्ष आग से बुरी तरह से झुलस गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जगदलपुर एसडीओपी घनश्याम तामड़े ने बताया कि इस हादसे की जानकारी मिलते ही भानपुरी थाना से जवान मौके पर पहुंच गए। वहीं मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। आग कैसे लगी इसके बारे में भी पता लगाया जा रहा है।