
भारत में त्योहारों और समारोहों का मौसम अब शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में देशभर में स्वतंत्रता दिवस और कृष्ण जन्माष्टमी जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाएंगे। 15 अगस्त को पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया जाएगा, इसके तुरंत बाद जन्माष्टमी का पावन पर्व आएगा। इन विशेष अवसरों को देखते हुए देश के कई हिस्सों में तैयारियां जोरों पर हैं। आपको बता दें कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में भाद्रपद माह की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र के संयोग में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। तभी से प्रत्येक वर्ष इसी तिथि को देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। पंचांग के अनुसार, इस वर्ष 2025 में कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार 16 अगस्त को मनाया जाएगा।

इसी क्रम में महाराष्ट्र के नागपुर जिले से एक अहम प्रशासनिक फैसला सामने आया है। नगर निगम ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) और कृष्ण जन्माष्टमी के दिन नागपुर नगर निगम की सीमा के भीतर सभी बूचड़खाने और मांस की दुकानें बंद रहेंगी। यह निर्णय दोनों पर्वों की धार्मिक और सांस्कृतिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट रूप से कहा गया है कि इस निर्देश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम की उड़नदस्ता टीम द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।