
झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत गुरुवार को चाईबासा जिले के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। यह कार्रवाई छोटानागरा थाना क्षेत्र के दुर्गम और घने जंगलों में गुप्त सूचना के आधार पर शुरू की गई थी। मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली अनल के मारे जाने की खबर है, जबकि उसके करीब 10 साथियों के भी ढेर होने की चर्चा है। हालांकि, इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया था। तलाशी के दौरान जैसे ही सुरक्षाबल नक्सलियों के करीब पहुंचे, नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी होती रही।बताया जा रहा है कि दबाव बढ़ने पर कुछ नक्सली जंगलों की आड़ लेकर भागने में सफल रहे। मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है और सघन तलाशी अभियान जारी है। अतिरिक्त बलों की तैनाती कर इलाके पर कड़ी नजर रखी जा रही है। गौरतलब है कि सारंडा और कोल्हान क्षेत्र लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के गढ़ माने जाते हैं। यहां सक्रिय माओवादी नेटवर्क को तोड़ने के लिए सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं।




