
नई दिल्ली: देश में जारी हज यात्रा के बीच सऊदी अरब के भारतीय यात्रियों पर प्रतिबंध की खबरों के बीच नई जानकारी सामने आई है। इसके मुताबिक हज यात्रा पर कोई नया प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। भारत सरकार से जुड़े सूत्रों ने ऐसी किसी भी खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, जिसमे भारतीय मुस्लिम हाजियों पर प्रतिबंध जैसी बात कही गई हो। आज, सोमवार को विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब की यात्रा करने वाले भारतीयों पर किसी भी प्रतिबंध की रिपोर्ट को खारिज कर दिया है।

विदेश मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, “सऊदी सरकार ने इस मामले पर कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। प्रथा के अनुसार हज के सीजन के दौरान, भीड़भाड़ को व्यवस्थित करने के लिए कुछ समय के लिए वीजा पर अस्थायी प्रतिबंध लगाए जाते हैं, जो हज के खत्म होते के साथ खत्म हो जाएंगे।”
इससे पहले मीडिया में सामने आईं कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सऊदी अरब ने भारत समेत एक दर्जन देशों के लिए ब्लॉक वर्क वीजा को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। हालांकि विदेश मामलों के जानकार बताते है कि यह प्रतिबंध मई 2025 से ही प्रभावी है और भारतीयों पर इसके अतिरिक्त कोई प्रतिबंध नहीं लगाए गए हैं। उनके मुताबिक, सऊदी अरब कई सालों से सुरक्षा और प्रशासनिक चिंताओं की वजह से हज यात्रा के दौरान इस तरह के प्रतिबंध लगाता आया है, इस साल यह प्रतिबंध 30 जून तक लागू रहेंगे।

बता दें कि पीएम मोदी और सऊदी अरब के बीच नए सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्ते कायम हुए है। भारत ने सऊदी अरब के साथ हुए एक द्विपक्षीय समझौते के तहत 2025 में हज के लिए 1,75,025 तीर्थयात्रियों का कोटा निर्धारित किया था। इस साल जनवरी 2025 में भारत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू और सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्री डॉ. तौफीक बिन फवजान अल-रबिया ने जेद्दा में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष हाजियों की संख्या में इजाफा होने से सरकार भी अपनी पीठ थप-थपा रही है।