रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की कोशिशें फिर से तेज हो गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दोनों देशों को शांति वार्ता के लिए 10 से 12 दिन की समयसीमा देने के कुछ दिन बाद, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि मॉस्को कीव के साथ बिना कैमरों के शांत माहौल में बातचीत को तैयार है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि रूस अपने रणनीतिक लक्ष्यों से पीछे नहीं हटेगा।
पुतिन ने यह बयान बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया। उन्होंने कहा, “हम बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से नहीं। हमें एक शांत वातावरण चाहिए।” साथ ही पुतिन ने पश्चिमी देशों पर रूस की प्रगति रोकने का आरोप लगाया और दावा किया कि रूसी सेना यूक्रेन के पूरे मोर्चे पर आगे बढ़ रही है।
डोनाल्ड ट्रंप ने इससे पहले सोमवार को कहा था कि रूस और यूक्रेन को 10-12 दिनों के भीतर शांति समझौते की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा, “50 दिन हो चुके हैं, अब इंतजार का कोई मतलब नहीं।” ट्रंप प्रशासन ने यह भी कहा कि 8 अगस्त 2025 तक युद्ध समाप्त करने का लक्ष्य तय किया गया है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भी अमेरिका ने इस डेडलाइन को दोहराया। हाल ही में इस्तांबुल में रूस और यूक्रेन के राजनयिकों की मुलाकात हुई थी, जहां वे सिर्फ कैदियों की अदला-बदली पर सहमत हो सके।
