Romance Scam: अमेरिका में एक हैरान करने वाला अपराध सामने आया है। दरअसल अमेरिका के लास वेगास की रहने वाली एक महिला ने डेटिंग एप के जरिए पहले लोगों को प्रेमजाल में फंसाया और फिर उन्हें डेट पर बुलाकर उनके साथ लूटपाट की। लूटपाट के लिए महिला ने ड्रग्स का इस्तेमाल किया। एक मामले में अत्यधिक ड्रग्स के इस्तेमाल से एक व्यक्ति की कथित तौर पर मौत हो गई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उन पर लगे आरोपों के चलते उसे उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।
लास वेगास की रहने वाली महिला ऑरोरा फ्लेप्स ने विभिन्न डेटिंग एप के जरिए कई पुरुषों को पहले अपने प्रेमजाल में फंसाया और फिर डेट पर बुलाकर उन्हें धोखे से ड्रग्स दिया। आरोपी महिला ने नशे की हालत में लोगों से लूटपाट की और उनके बैंक अकाउंट और क्रेडिट कार्ड आदि की जानकारी भी ले ली। इतना ही नहीं आरोपी महिला ने पीड़ितों के सामाजिक सुरक्षा और रिटायरमेंट खातों में भी सेंध लगाने की कोशिश की। 43 वर्षीय आरोपी महिला फिलहाल मेक्सिको में पुलिस हिरासत में है। महिला पर 21 आरोप हैं, जिनमें धोखाधड़ी, पहचान चुराने, समेत एक पीड़ित की हत्या का भी आरोप है।
झारखंड के लातेहार में JMM सांसद महुआ मांझी हुई सड़क हादसे का शिकार, हालत गंभीर…
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्लेप्स ने एक पीड़ित व्यक्ति को डेट पर स्टेरॉयड ड्रग्स की डोज दी, जो काफी ज्यादा थी। आरोप है कि आरोपी महिला पीड़ित को एक होटल के कमरे में छोड़कर फरार हो गई, बाद में वह व्यक्ति होटल के कमरे में मृत पाया गया। माना जा रहा है कि ड्रग्स ओवरडोज की वजह से उसकी मौत हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने साल 2021 से लेकर 2022 के बीच कई लोगों को अपना शिकार बनाया। कई पीड़ित व्यक्ति ड्रग्स ओवरडोज की वजह से कोमा में भी चले गए। महिला ने युवकों को फंसाने के लिए कई डेटिंग एप्स जैसे टिंडर, हिंज और बंबल आदि का इस्तेमाल किया। नेवादा के अटॉर्नी का कहना है कि आरोपी महिला को अधिकतम उम्रकैद की सजा हो सकती है।