
PL इतिहास में पहली बार डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतर रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सामने इस बार सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम अपने पहले खिताब को बचा पाएगी? 19वें सीजन में RCB के पास मजबूत बल्लेबाजी और ऑलराउंडर तो हैं, लेकिन कमजोर तेज गेंदबाजी और मिडिल ऑर्डर की अस्थिरता उनकी राह मुश्किल बना सकती है। RCB ने 2025 में अपना पहला IPL खिताब जीता था और अब टीम 19वें सीजन में उसे डिफेंड करने उतरेगी। टीम ने अपने 17 खिलाड़ियों को रिटेन किया और मिनी ऑक्शन में 8 नए खिलाड़ी जोड़े। सीजन की शुरुआत 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच से होगी।
ताकत
RCB की सबसे बड़ी ताकत उसकी विस्फोटक बल्लेबाजी है। विराट कोहली, फिल सॉल्ट, टिम डेविड, वैंकटेश अय्यर, देवदत्त पडिक्कल और जितेश शर्मा जैसे खिलाड़ी टीम को गहराई और ताकत देते हैं। इसके अलावा रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या और वेंकटेश अय्यर जैसे ऑलराउंडर टीम को संतुलन देते हैं, जो जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान दे सकते हैं।
कमजोरियां
RCB की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी तेज गेंदबाजी है। भुवनेश्वर कुमार, जॉश हेजलवुड और जैकब डफी ही भरोसेमंद विकल्प हैं। हेजलवुड की फिटनेस पर सवाल हैं, जबकि यश दयाल और नुवान तुषारा जैसे गेंदबाज दबाव में अस्थिर रहे हैं। स्पिन विभाग में भी टीम के पास सीमित विकल्प हैं। सुयश शर्मा के अलावा कोई बड़ा स्पिनर नहीं है, जिससे मिडिल ओवर में विपक्षी बल्लेबाजों को रोकना मुश्किल हो सकता है। मिडिल ऑर्डर भी कभी-कभी अस्थिर नजर आता है, खासकर 15-18 ओवर के बीच रन गति धीमी पड़ जाती है।
मौके
कप्तान रजत पाटीदार के पास इतिहास रचने का मौका है। अगर वह टीम को दोबारा चैंपियन बनाते हैं, तो वह महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद लगातार खिताब बचाने वाले कप्तानों के खास क्लब में शामिल हो सकते हैं। वहीं, विराट कोहली के लिए यह सीजन बेहद अहम है। टेस्ट और T20I से संन्यास के बाद अब वह सिर्फ ODI खेल रहे हैं, ऐसे में IPL 2026 उनके लिए 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी का बड़ा मंच है। साथ ही वेंकटेश अय्यर और जैकब बेथेल जैसे खिलाड़ियों के आने से टीम इम्पैक्ट प्लेयर नियम का बेहतर इस्तेमाल कर सकती है।
खतरे
डिफेंडिंग चैंपियन होने का दबाव RCB के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। बाकी टीमें उनकी रणनीतियों को समझकर खास तैयारी के साथ उतरेंगी। तेज गेंदबाजी में विकल्पों की कमी भी टीम के लिए खतरा बन सकती है, खासकर अगर हेजलवुड या भुवनेश्वर चोटिल होते हैं। इसके अलावा टीम ट्रांजिशन फेज में भी है, जहां विराट कोहली जैसे सीनियर के साथ युवा खिलाड़ियों पर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। अगर युवा खिलाड़ी दबाव नहीं झेल पाए, तो टीम का संतुलन बिगड़ सकता है। RCB के पास धाकड़ खिलाड़ियों से सजी टीम, अनुभव और आत्मविश्वास तीनों मौजूद हैं, लेकिन कमजोर गेंदबाजी, मिडिल ऑर्डर की अनिश्चितता और बढ़ते दबाव के बीच उन्हें हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा। IPL 2026 उनके लिए असली परीक्षा साबित होने वाला है।






