तीर्थयात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा
पुणे पिकअप वैन हादसा में सोमवार को 8 महिलाओं की मौत और 25 लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब एक पिकअप वैन पहाड़ी इलाके की सड़क से 20-30 फीट नीचे जा गिरी। पुलिस के अनुसार, सभी मृतक महिलाएं पापलवाड़ी गांव की रहने वाली थीं और सावन मास में खेड़ तहसील स्थित कुंडेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए निकली थीं।
कैसे हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि पिकअप वैन में 30-35 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे थे। रास्ते में ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह गहरी ढलान से नीचे गिर गई। यह दुर्घटना दोपहर करीब 1 बजे हुई।
राहत और बचाव कार्य
पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटनास्थल पर 10 एंबुलेंस भेजी गईं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बड़े अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
