रायपुर: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम सामने आ गए है। राज्य के कुल 10 निगमों में से 9 पर बीजेपी का कब्ज़ा हो गया है, एक मात्र नगर निगम क्षेत्र में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर नजर आ रही है। बीजेपी का 9 निगमों पर कब्जे के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह है। रायपुर से मीनल चौबे की जीत सुनिश्चित हो गई है। वो लगभग 1 लाख 20 हज़ार मतों से आगे चल रही है। बताते है कि मात्र एक राउंड की गणना बाकि है। लिहाजा उनकी जीत के आधिकारिक ऐलान का इंतजार किया जा रहा है। जबकि पूर्व मेयर एजाज ढेबर अपने ही वार्ड में पार्षद का चुनाव हार गए है। ढेबर को बीजेपी के अमर गिदवानी ने भगवती चरण शुक्ल वार्ड से पार्षद चुनाव में 1529 वोट से मात दी है। जबकि मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड से एजाज ढेबर की पत्नी अर्जुमन ढेबर 2562 वोट से चुनाव जीत गई हैं।

बीजेपी के लिए चौंकाने वाला परिणाम चिरमिरी और अंबिकापुर से आया है। यहाँ के नगर निगम में कांग्रेस का कब्ज़ा ख़त्म हो गया है, इन दोनों ही सीटों पर बीजेपी प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। धमतरी नगर निगम के भाजपा महापौर प्रत्याशी जगदीश रामू रोहरा चुनाव जीत गए हैं। रामू रोहरा 34085 वोटों से जीते हैं। यहां कांग्रेस के प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन निरस्त हो गया था। भाजपा ने गोलछा को निगम का ठेकेदार बताकर आपत्ति जताई थी. इस मामले में सुनवाई के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी का नामांकन निरस्त कर दिया था। उधर जीत के बाद भाजपा नेताओं का भाजपा कार्यालय में पहुंचना शुरू हो गया है। भाजपा कार्यालय में जीत का जश्न मनाया जा रहा है। भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी को धन्यवाद दिया। भाजपा के रामविचार नेताम ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ऐतिहासिक जीत मिली है। सभी नगर निगमों में भाजपा को जीत मिली है। साय सरकार के 13 महीने के कार्यकाल पर जनता ने मुहर लगाई है।
इसी तर्ज पर ज्यादातर नगर पालिकाओं में भी बीजेपी ने बाजी मारी है। इनमे नगर पालिका अध्यक्ष नरियरा से निर्दलीय प्रत्याशी राधिका सहगल विजयी रही। अकलतरा में निर्दलीय (दीप्ति रोहित सारथी), पामगढ़ – बसपा ( गौरी छोटू जांगड़े), जांजगीर – बीजेपी ( चित्रलेखा गढ़वाल), चाम्पा – बीजेपी (प्रदीप नामदेव), राहोद – बीजेपी (प्रमिला कश्यप), खरौद – बीजेपी (गोविंद यादव), नवागढ़ – बीजेपी (अर्चना देवांगन), बलौदा – कांग्रेस ( कविता डहरिया), बाराद्वार – बीजेपी (नारायण कुर्रे), सारागांव – कांग्रेस (छबि लाल सूर्यवंशी), जैजैपुर – निर्दलीय (बलराम चन्द्रा), सक्ती – निर्दलीय (श्याम सुंदर अग्रवाल), अड़भार – कांग्रेस ( कृष्णा रात्रे), डभरा – बीजेपी (दीपक साहू), चंद्रपुर – बीजेपी ( ओम प्रकाश देवांगन) और शिवरीनारायण – बीजेपी (राहुल थवाईत) ने जीत का परचम लहराया।