पटना वेब डेस्क / केरल में जहाँ गर्भवती हथिनी की हत्या का मामला सामने आया वहीँ बिहार में एक शख्स ने अपने दो हाथियों के नाम करोड़ों की संपत्ति कर वन्य जीव प्रेमियों को खुश कर दिया है | पटना के इस शख्स ने अपनी 5 करोड़ की संपत्ति का वारिश अपने दो हाथियों को बनाया है | जबकि अपने बेटे को इस संपत्ति से बेदखल कर दिया है | बताया जाता है कि अख्तर इमाम नाम का यह शख्स पटना में दानापुर के जानीपुर का रहने वाला है। पेशे से इमाम इस व्यक्ति ने अपने दो हाथियों को 5 करोड़ की जायदाद का मालिक बनाकर हर किसी को चौंका दिया।

इमाम की दलील है कि उनका बेटा गलत रास्ते पर चला गया, उसने कई बार उसे समझाया बुझाया लेकिन वो नेकी के रास्ते में नहीं आया | इसलिए उसे जायदाद से बेदखल कर उसने हाथियों को अपना वारिश बनाया है | उसके मुताबिक अपनी आधी संपत्ति उसने पत्नी और आधी संपत्ति हाथियों के नाम कर दी। इमाम के पास 10 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है | उसने पटना रजिस्ट्री ऑफिस जाकर दोनों हाथियों और अपनी पत्नी के नाम जमीन जायजाद के दस्तावेज भी बनवा दिए हैं। इस दौरान उनके साथ वकील भी थे |

अख्तर इमाम का कहना है कि अब उनकी संपत्ति हाथियों के संरक्षण के काम आएगी | अगर उनकी मौत के बाद सारी संपत्ति ऐरावत संस्था के नाम हो जाएगी | ताकि हाथियों का संरक्षण हो और इन्हें तस्करों से बचाया जा सके। बताया जाता है कि अख्तर को बचपन से ही हाथियों से प्यार है | उन्होंने अपने घर दो हाथी पाले है | इलाके के लोग उन्हें हाथियों वाले इमाम के नाम से भी जानते है | अख्तर इमाम ने दोनों हाथियों का नाम भी रखा है। एक का नाम ‘मोती’ तो दूसरे का नाम ‘रानी’ है। बताया जाता है कि खुद अख्तर इमाम ऐरावत संस्था के मुख्य प्रबंधक भी हैं। उनका जीवन हाथियों के लिए ही समर्पित रहा है।

अख्तर इमाम अपनी पुरानी यादों और हाथियों के साथ उनके सहयोग की चर्चा करते हुए बताते हैं कि एक बार बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला किया था | इस वक़्त हाथियों ने उनकी जान बचाई | उन्होंने बताया कि पिस्तौल हाथ में लिए बदमाश जब उनके कमरे की ओर आ रहे थे तो उन्हें सावधान करने के लिए उनके हाथी चिंघाड़ने लगे। इसके चलते उनकी नींद खुल गई | उन्होंने शोर मचाया | इस दौरान डर कर बदमाश भाग निकले।

ये भी पढ़े : मानसून के आगमन के साथ ही नाग – नागिन के प्रणय का दौर शुरू, देखे वीडियो
अख्तर इमाम ने बताया कि उनके बेटे की गलत हरकतों के कारण वे चिंतित है | इसलिए उन्होंने उसे संपत्ति से बेदखल किया है। उन्होंने बताया कि जायदाद के चक्कर में उनके बेटे ने उनके साथ साजिश की | उसने अपनी प्रेमिका के साथ दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर उन्हें जेल भिजवा दिया था। अख्तर ने बताया कि पुलिस विवेचना और जांच में तमाम आरोप झूठे पाए गए। अख्तर यह भी बताते हैं कि उनके बेटे मेराज के साथ इस साजिश में कुछ शिकारी और पशु तस्कर भी शामिल थे | उन्होंने बताया कि इस मामले में सभी ने मिलकर साजिश रची थी। लेकिन वे पकड़े गए । लिहाजा उन्होंने अपनी पूरी जायदाद हाथी के नाम कर दी है।