पंजाब में किसान नेताओं के घर पुलिस की दबिश, 5 मार्च को चंडीगढ़ में धरना प्रदर्शन, सीएम ने कहा था-चक्का जाम हल नहीं…

0
39

संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) और पंजाब सरकार के बीच सोमवार को हुई बैठक बेनतीजा रही थी। इसके बाद किसानों ने एलान किया था कि वे पांच मार्च को चंडीगढ़ में धरना देंगे। इसके बाद मंगलवार सुबह पंजाब में कई किसान नेताओं के घरों में पुलिस ने दबिश दी। पुलिस ने मालवा के कई इलाकों में किसान नेताओं की गिरफ़्तारी के लिए दबिश लेकिन नाकाम रही। सूत्रों के अनुसार, किसानों को पुलिस की कार्रवाई का अंदेशा हो गया था।

भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष झंडा सिंह जेठूके के गांव में पंजाब पुलिस ने छापा मारा लेकिन पुलिस खाली हाथ लौट आई। वहीं लुधियाना भाकियू उगराहां के महासचिव घाघर सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अबोहर में सुबह साढ़े 4 बजे किसान नेता सुखजिंदर सिंह राजन के घर पुलिस ने दबिश दी। किसान नेता ने कहा कि क्या हम क्रिमिनल हैं जो इतनी सुबह हमारे घर पुलिस भेजी गई है। अमृतसर में पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन उगराहां के सदस्यों को गिरफ्तार किया।

वहीं सोमवार को किसानों के साथ बैठक को मुख्यमंत्री भगवंत मान गुस्से में बीच में ही छोड़कर चले गए थे। इसके बाद किसानों ने 5 मार्च को चंडीगढ़ में पक्का मोर्चा लगाने की घोषणा कर दी। वहीं, बैठक के बाद सीएम मान ने एक्स पर लिखा- चक्का जाम करना, रेल रोकना या पंजाब बंद करना किसी समस्या का हल नहीं है। इन सबसे आम लोगों को परेशान होना पड़ता है। समाज के बाकी वर्गों के कामकाज और कारोबार पर भी इसका असर पड़ता है, जिसका ख्याल रखना चाहिए।